आज बंद रहेगा कासगंज-एटा फोरलेन मार्ग

कासगंज : आज यदि आपको एटा- आगरा की ओर जाना हो तो सावधान होकर निकलें, क्योंकि कासगंज-एटा फोरलेन मार्ग का नदरई रेलवे अंडरपास बंद रहेगा। अंडरपास निर्माण के लिए आरएच गार्डर स्थापित किया जाएगा। अंडर पास पर कार्य करने के लिए रेलवे प्रशासन ने मार्ग बंद किया है। ऐसी स्थिति में अमरपुर बाईपास होकर कासगंज से एटा की ओर आना जाना हो सकेगा। रेलवे ने इस संबंध में पहले से ही सार्वजनिक सूचना जारी कर दी है। नदरई का रेलवे अंडरपास संकरा होने के कारण आए दिन यहां जाम की समस्या होती रहती है। ऐसी स्थिति में यहां नए अंडरपास का नया निर्माण किया जा रहा है। आज सोमवार को सुबह 11.20 बजे से शाम 5.20 बजे तक इस अंडरपास को बंद रखा जाएगा। यातायात बंद रहने से लोगों को आवागमन करने में असुविधा होगी। ऐसी स्थिति में कासगंज से एटा जाने आने के लिए अमरपुर घाट बाईपास रास्ते को उपयोग में लाना होगा। यातायात प्रभारी लक्ष्मण सिंह ने लोगों से अपील की है कि वे वैकल्पिक मार्ग से निकलें और असुविधा से बचें। स्टेशन अधीक्षक मनोज कुमार ने बताया कि पूर्व में ही ब्लॉक की सूचना जारी कर दी गई। जिससे लोगों को दिक्कतों का सामना न करना पड़े।

एक जोड़ी ट्रेन अछनेरा आने जाने वाली रहेगी निरस्त
कासगंज। नदरई रेलवे अंडरपास पर ब्लॉक के कार्य को लेकर कासगंज से अछनेरा आने जाने वाली ट्रेन संख्या 05347 एवं 05348 को निरस्त किया गया है। वहीं गोरखपुर-अहमदाबाद ट्रेन संख्या 19410 निर्धारित समय से दस मिनट बिलंब से रवाना होगी।

यातायात पुलिस ने रूट डायवर्जन के लिए व्यवस्था की
कासगंज। यातायात पुलिस ने कासगंज-एटा फोरलेन मार्ग पर अंडरपास पर 6 घंटे ब्लॉक के दौरान वैकल्पिक मार्गों के लिए यातायात व्यवस्था सुनिश्चित की है। अंडरपास बंद रहने के कारण अमरपुर घाट से ट्रैफिक निकलेगा। इसके लिए यातायात पुलिस तैनात की गई है। यातायात निरीक्षक लक्ष्मण सिंह ने बताया कि सभी व्यवस्थाएं यातायात नियंत्रण के लिए कर ली गईं हैं।

पुलिस भर्ती परीक्षा के कारण एक दिन टला था ब्लॉक
कासगंज। पहले अंडरपास पर ब्लॉक 18 फरवरी को होना था, लेकिन पुलिस भर्ती परीक्षा होने के कारण रेलवे ने एक दिन आगे बढ़ाकर ब्लॉक 19 फरवरी को कर दिया। जिसके कारण यह ब्लॉक आज रहेगा।