करण जौहर की चर्चित आगामी फिल्म ‘दोस्ताना 2’ पिछले सात साल से अटकी हुई थी। साल 2019 में फिल्म की घोषणा की गई थी, लेकिन इसके बाद फिल्म अपनी कास्टिंग को लेकर अटक गई। हालांकि, बीते दिनों ऐसी खबरें आईं कि मेकर्स ने फिर से फिल्म पर काम शुरू किया है। लेकिन अब इस फिल्म को एक और झटका लगा है, जिसके बाद फिल्म का भविष्य एक बार फिर खतरे में पड़ता दिख रहा है। करण जौहर के धर्मा प्रोडक्शंस द्वारा निर्मित ‘दोस्ताना 2’ एक बार फिर अटक गई है। क्योंकि कास्टिंग के बाद अब फिल्म पर काम कर रहे निर्देशक अद्वैत चंदन ने इस प्रोजेक्ट से किनारा कर लिया है। अब निर्देशक के अचानक फिल्म से हट जाने से ‘दोस्ताना 2’ एक बार फिर अधर में अटक गई है।
हालांकि, फिल्म निर्माता और प्रोडक्शन हाउस दोनों ने ही इस घटनाक्रम पर कोई आधिकारिक टिप्पणी नहीं की है, लेकिन वैरायटी इंडिया की रिपोर्ट में ऐसा बताया गया है कि अद्वैत चंदन का प्रोजेक्ट से हटना फिल्म के निर्देशन को लेकर क्रिएटिव डिफरेंसेस से जुड़ा है।
‘सीक्रेट सुपरस्टार’ और ‘लाल सिंह चड्ढा’ जैसी फिल्मों के लिए मशहूर निर्देशक ने प्रोजेक्ट को आकार देने में करीब सात महीने बिताए, जिसके बाद उन्होंने इससे अलग होने का फैसला किया। रिपोर्ट के अनुसार, क्रिएटिव मतभेद होने के बाद अद्वैत चंदन ने ये फैसला लिया है।
उनके और मेकर्स के बीच क्रिएटिव मतभेद काफी बढ़ गए थे। रिपोर्ट में आगे कहा गया है कि यह अलगाव आपसी सहमति से खुशी-खुशी हो गया। दोनों पक्षों के बीच कोई सार्वजनिक विवाद नहीं हुआ। ‘दोस्ताना 2’ की घोषणा साल 2019 में की गई थी। यह धर्मा प्रोडक्शंस की 2008 की हिट फिल्म ‘दोस्ताना’ का सीक्वल बताई गई थी। हालांकि, इसमें नई कास्ट नजर आनी थी, जिसमें कार्तिक आर्यन, जाह्नवी कपूर और लक्ष्य मुख्य भूमिकाओं में थे। गोवा में फिल्म का निर्माण शुरू हो चुका था।
लेकिन साल 2021 में करण जौहर से कथित मतभेदों के चलते कार्तिक आर्यन फिल्म से हट गए। जिसके चलते फिल्म की शूटिंग रुक गई और इसके बंद होने की खबरें सामने आईं।
