होस्ट की रिक्वेस्ट पर भड़के कैलाश खेर, दो लाइन गाने से किया इनकार, क्या है मामला जानें

दिल्ली में 25 अप्रैल को एक समिट के दौरान यह घटना सामने आई। जब होस्ट ने कैलाश खेर से केजुअली कहा कि वो कुछ लाइन गाकर सुनाएं, तो कैलाश खेर ने मना कर दिया। इस मौके पर उन्होंने अपनी बात खुलकर रखी और कहा कि यह सिर्फ एक घटना नहीं, बल्कि एक बड़ी समस्या है। कैलाश खेर ने इस आदत की कड़ी आलोचना की। उन्होंने कहा, ‘यही मैं बदलना चाहता हूं, यही मेरे मन में है, यही बदलना है कि सिंगर को, म्यूजिक को ऐसे ना माना जाए कि ‘सर दो लाइन गा दीजिए, मूड बना दीजिए।’ यह बहुत गलत है। यह रिक्वेस्ट ही मत कीजिए।’

अपनी बात समझाने के लिए उन्होंने दूसरे प्रोफेशन का उदाहरण भी दिया। उन्होंने कहा, क्या आप सचिन तेंदुलकर से कहेंगे कि ‘जरा एक छक्का लगाकर दिखा दीजिए’? इस पृथ्वी पर कोई ऐसा नहीं करता।

किसी आर्मी के जवान से नहीं कहेंगे कि ‘अपनी पोजीशन लेकर एक शॉट लगा दीजिए।’ ऐसा मत कीजिए प्लीज। कलाकार को जोकर मत बनाइए। साधक को सिर्फ मनोरंजन करने वाला मत समझिए। आर्टिस्ट साधक होते हैं, वो अपने मन के होते हैं।’