आईपीएल 2026 में सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ चेन्नई सुपर किंग्स की हार ने उनका प्लेऑफ का रास्ता मुश्किल कर दिया है। इस सीजन टीम का प्रदर्शन उम्मीदें के मुताबिक नहीं रहा और ऐसे में ऋतुराज गायकवाड़ को कप्तानी से हटाने की मांग भी हो रही है। फैंस चाहते हैं कि संजू सैमसन को कप्तानी सौंपी जाए। हालांकि, कोच स्टीफन फ्लेमिंग ने ऋतुराज का समर्थन किया है। टीम की हार के बाद जब प्रेस कॉन्फ्रेंस में फ्लेमिंग से ऋतुराज के प्रदर्शन को लेकर सवाल पूछा गया तो उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि कप्तान इस सीजन अपने पुराने स्तर तक नहीं पहुंच पाए हैं। सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ मुकाबले में ऋतुराज गायकवाड़ 21 गेंदों में सिर्फ 15 रन बना सके और एक भी बाउंड्री नहीं लगा पाए।
फ्लेमिंग ने कहा, ‘सबसे बड़ी समस्या पावरप्ले में विकेट गंवाना रही। ऋतुराज इससे बेहतर कर सकते हैं और पहले कर भी चुके हैं। वह टॉप ऑर्डर के शानदार बल्लेबाज रहे हैं, लेकिन इस सीजन उन्होंने अपने करियर के मुताबिक ना तो उतने रन बनाए और ना ही उस गति से रन बनाए हैं। यह ऐसी चीज है, जिस पर उन्हें काम करना होगा।’ हालांकि, फ्लेमिंग ने यह भी कहा कि टीम नए संयोजन तलाश रही है और उर्विल पटेल जैसे आक्रामक खिलाड़ियों के आने से बल्लेबाजी रणनीति में बदलाव हुआ है।
आईपीएल 2026 में संजू सैमसन की तेज बल्लेबाजी और लगातार अच्छे प्रदर्शन के बाद सोशल मीडिया पर यह चर्चा तेज हो गई थी कि क्या सीएसके को भविष्य में नए कप्तान की तलाश करनी चाहिए। लेकिन फ्लेमिंग ने ऋतुराज के समर्थन में खुलकर बयान दिया। उन्होंने कहा, ‘एमएस धोनी जैसे महान कप्तान के बाद किसी नए खिलाड़ी के लिए टीम संभालना बहुत बड़ा बदलाव है। इसमें समय लगेगा। लेकिन ऋतुराज अच्छा काम कर रहे हैं। खिलाड़ियों के बीच उन्हें काफी सम्मान मिलता है और वह लगातार सीख रहे हैं।’ फ्लेमिंग ने आगे कहा, ‘मुझे पूरा भरोसा है कि आने वाले समय में वह इस फ्रेंचाइजी के शानदार कप्तान साबित होंगे।’
