आईपीएल 2026 में कूपर कोनोली ने धमाकेदार डेब्यू करते हुए खुद को नई सनसनी के रूप में पेश कर दिया है। पंजाब किंग्स के लिए खेलते हुए उन्होंने गुजरात टाइटंस के खिलाफ 44 गेंदों में नाबाद 72 रन बनाए और टीम को तीन विकेट से जीत दिलाई। अब उन्होंने खुलासा किया है कि शॉन मार्श उनके आदर्श हैं और वह उनकी तरह पंजाब किंग्स का हिस्सा बनकर खुश हैं। 163 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए पंजाब की शुरुआत अच्छी रही, लेकिन बीच के ओवरों में टीम लड़खड़ा गई। ऐसे समय में कोनोली ने धैर्य दिखाया और पारी को संभालते हुए टीम को जीत तक पहुंचाया। उन्होंने प्रभसिमरन सिंह (37) के साथ 76 रन की साझेदारी भी की, जो मैच का टर्निंग पॉइंट साबित हुई।
मैच के बाद कोनोली ने अपने आदर्श का नाम बताते हुए दिल छू लेने वाला बयान दिया। उन्होंने कहा, ‘शॉन मार्श पंजाब किंग्स के लिए खेल चुके हैं और मैं उन्हें देखकर बड़ा हुआ हूं। उसी फ्रेंचाइजी के लिए खेलना मेरे लिए सम्मान की बात है।’ शॉन मार्श लंबे समय तक पंजाब किंग्स के स्टार बल्लेबाज रहे हैं और आईपीएल में उनका शानदार रिकॉर्ड रहा है। पहले संस्करण में वह सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज रहे थे।
आईपीएल में खेलना सपना पूरा होने जैसा
कोनोली ने आईपीएल के मंच को लेकर भी अपनी खुशी जाहिर की। उन्होंने कहा, ‘हर खिलाड़ी दुनिया की सबसे बड़ी लीग का हिस्सा बनना चाहता है और आईपीएल उन्हीं में से एक है। ऑक्शन में चुना जाना और यहां खेलना मेरे लिए खास है।’ उनके मुताबिक, वह इस मौके को सीखने और खुद को बेहतर बनाने के रूप में देख रहे हैं।
‘पहली जीत हमेशा खास होती है’
कोनोली ने टीम की जीत को लेकर कहा, ‘सीजन की शुरुआत जीत के साथ करना हमेशा अच्छा होता है। मैं काफी उत्साहित हूं और आगे के मैचों का इंतजार कर रहा हूं।’ उन्होंने माना कि आईपीएल जैसा टूर्नामेंट आसान नहीं होता और यहां हर मैच कड़ा मुकाबला होता है। कोनोली ने आगे के टूर्नामेंट को लेकर कहा, ‘यह टूर्नामेंट आसान नहीं है। हर टीम मजबूत है और जीत-हार का अंतर बहुत छोटा होता है।’
