मैनपुरी में महिला ने युवक से कराई किशोरी की दोस्ती फिर घर बुलाकर कराया गंदा काम, पिता ने लगाई न्याय की गुहार

उत्तर प्रदेश के मैनपुरी में नाबालिग किशोरी को महिला ने पहले अपने जाल में फंसाया। इसके बाद एक युवक से उसकी दोस्ती करा दी। शादी का झांसा देकर युवक ने शारीरिक संबंध बनाए। फिर दोनों घर छोड़ कर चले गए। पुलिस ने उन्हें ढूंढ निकाला है। बिना कार्रवाई आरोपी को छोड़ दिया। पीड़िता दो माह की गर्भवती है। पीड़िता ने एसपी से आरोपी और धोखा देने वाली महिला के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की है। मामला थाना कुर्रा क्षेत्र के एक गांव का है। गांव निवासी अनुसूचित जाति की किशोरी ने बताया कि गांव की ही रहने वाली एक महिला ने पहले तो उस से मेलजोल बढ़ाया। शादी का झांसा देकर थाना एलाऊ क्षेत्र के गांव भांवत निवासी एक युवक से मिलाया। महिला ने अपने ही घर पर किशोरी व युवक के बीच शारीरिक संबंध बनवाए। इसके बाद 24 जुलाई को उसे व युवक को गांव से भगा दिया। आरोपी उसे लेकर जालंधर पंजाब चला गया। वहां भी किशोरी के साथ शारीरिक संबंध बनाए। इधर पीड़िता के पिता की ओर से थाना कुर्रा में रिपोर्ट दर्ज कराई गई। कुछ दिन बाद पुलिस दोनों को जालंधर से पकड़ कर ले आई। पीड़िता ने सोमवार को एसपी कार्यालय पहुंचकर बताया कि दो तीन दिन दोनों को थाने में रखा। इसके बाद आरोपी को छोड़ दिया गया। आरोपी महिला को भी नहीं पकड़ा। दरोगा ने उसका मेडिकल तक नहीं कराया। बताया कि वह दो माह की गर्भवती है। आरोपी उस पर समझौता का दबाव बना रहे हैं।