यूपी चुनाव में कांग्रेस को मिले 200 सीट नहीं तो…’ अखिलेश यादव के पुराने दोस्त की पार्टी से उठी मांग

उत्तर प्रदेश में वर्ष 2027 में प्रस्तावित विधानसभा चुनाव से पहले समाजवादी पार्टी के पुराने सहयोगी राष्ट्रीय लोकदल ने मांग की है की भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस को 200 सीटें दी जाएं.

वर्ष 2024 के लोकसभा चुनाव से पहले यूपी में सपा के सहयोगी रह चुकी रालोद के नेता रोहित अग्रवाल ने सोशल मीडिया साइट एक्स पर यह पोस्ट की. रालोद नेता की ओर से यह टिप्पणी ऐसे समय में आई है जब बीते दिनों सपा सुप्रीमो ने कहा था कि मुद्दा सीट का है ही नहीं, जो जहां से जीत सकता है, वहां से लड़ेगा. रोहित अग्रवाल ने सोशल मीडिया साइट एक्स पर लिखा-हमें पूर्ण विश्वास है कि समाजवादी पार्टी गठबंधन धर्म का पालन करते हुए भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस को सम्मानजनक रूप से 200 सीटें देगी. कांग्रेस देश की सबसे पुरानी और ऐतिहासिक पार्टी है-इससे कम सीटें देना उसके गौरव और योगदान का अपमान होगा.

बता दें रालोद फिलहाल भारतीय जनता पार्टी नीत राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन यानी एनडीए का हिस्सा है. पार्टी नेता की यह पोस्ट कांग्रेस और सपा के रिश्तों पर तंज मानी जा रही है.कई मौकों पर कांग्रेस की यूपी इकाई की ओर से यह कहा गया है कि हम सभी 403 सीटों पर तैयारी कर रहे हैं. बीते ही दिनों एबीपी लाइव से बात करते हुए यूपीसीसी चीफ अजय राय ने वाराणसी जिले में विधानसभा सीटों का जिक्र करते हुए संकेत दिए थे कि अधिकतर सीटों पर पार्टी चुनाव लड़ेगी.