‘मुझे पीटा गया, लूट लिए 100 सीट’, BJP की जीत के बीच ममता बनर्जी ने लगाया बड़ा आरोप

पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (BJP) की प्रचंड जीत हुई है. बीजेपी मुख्ममंत्री ममता बनर्जी की सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस (TMC) को 125 सीटों से मात देते हुए बंगाल में प्रचंड जीत हासिल की है. इस बीच मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने सोमवार (4 मई, 2026) को बंगाल चुनाव के लिए सुरक्षा में तैनात केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों (CAPF) पर उनके साथ मारपीट करने का आरोप लगाया है. उन्होंने एबीपी न्यूज से बातचीत करते हुए कहा कि आप केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) को देख सकते हैं. उन्होंने मुझे धक्का दिया और मारा.

दरअसल, पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री और भवानीपुर विधानसभा सीट से TMC उम्मीदवार ममता बनर्जी सोमवार (4 मई, 2026) को विधानसभा क्षेत्र के सखावत मेमोरियल काउंटिंग हॉल पहुंची. इस दौरान उन्होंने कहा, ‘केंद्रीय बलों ने मुझे भी अंदर जाने नहीं दिया गया. यह पक्षपाती है. आप CRPF को देख सकते हैं. उन्होंने मुझे धक्का दिया और मारा. CRPF के ठीक सामने. उन्होंने हर जगह गुंडे लगाए हैं. मैं उम्मीदवार हूं, फिर भी उन्होंने मुझे अंदर नहीं जाने दिया.’

उन्होंने कहा, ‘भाजपा दानवों की पार्टी है, उसने 100 से ज्यादा सीटें लूटीं और धोखा दिया. इलेक्शन कमीशन BJP का कमीशन है. मैंने CEO मनोज अग्रवाल से भी शिकायत की, लेकिन वे कुछ नहीं कर रहे हैं. क्या आपको लगता है कि यह जीत है? यह एक अनैतिक जीत है, नैतिक जीत नहीं. इलेक्शन कमीशन ने सेंट्रल फोर्स, प्रधानमंत्री और गृह मंत्री के साथ मिलकर जो कुछ भी किया है, वह पूरी तरह से गैर-कानूनी है. यह लूट, लूट और सिर्फ लूट है. हम वापसी करेंगे.’