हरिद्वार:(द दस्तक 24 न्यूज़) 01 जून 2026 प्रिंट एवं इलेक्ट्रॉनिक जर्नलिस्ट एसोसिएशन (पेजा) के 27वें राष्ट्रीय अधिवेशन का भव्य आयोजन उत्तराखंड के हरिद्वार स्थित आर्य वानप्रस्थ आश्रम, ज्वालापुर में किया गया। इस अवसर पर देश के विभिन्न राज्यों से आए पत्रकारों एवं संगठन के पदाधिकारियों ने भाग लिया। कार्यक्रम में उत्तराखंड सरकार के वरिष्ठ कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने राष्ट्रीय कार्यकारिणी के पदाधिकारियों को सम्मानित किया तथा 51 पत्रकारों को प्रतिष्ठित ‘पंडित अटल बिहारी वाजपेयी अवार्ड-2026’ प्रदान किया।
अपने संबोधन में मदन कौशिक ने कहा कि पत्रकारिता कोई आसान कार्य नहीं है। यह फूलों भरी सेज नहीं बल्कि कांटों भरा ताज है, जिसे धारण करने के लिए साहस, निष्पक्षता और जनसेवा की भावना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि देश की जनता आज भी पत्रकारों द्वारा प्रकाशित समाचारों और प्रसारित खबरों पर विश्वास करती है। इसलिए पत्रकारों का दायित्व है कि वे निष्पक्ष, निर्भीक और स्वतंत्र पत्रकारिता करते हुए जनता की समस्याओं को सरकार तक पहुंचाएं तथा सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने का कार्य करें।
मदन कौशिक ने वर्तमान समय में बढ़ रही फर्जी पत्रकारिता पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि आज हर चौराहे पर मोबाइल लेकर स्वयं को पत्रकार बताने वाले लोग दिखाई दे जाते हैं। इससे वास्तविक पत्रकारों की पहचान करना आम जनता, अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों के लिए चुनौती बनता जा रहा है। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया और यूट्यूब का प्रभाव बढ़ा है, लेकिन आज भी जनता का सबसे अधिक भरोसा प्रिंट मीडिया पर कायम है।
कार्यक्रम का शुभारंभ फीता काटकर एवं दीप प्रज्वलित कर किया गया। इसके पश्चात विभिन्न राज्यों से आए पत्रकारों को अटल बिहारी वाजपेयी अवार्ड-2026 से सम्मानित किया गया। समारोह में संगठन के संस्थापक एवं राष्ट्रीय अध्यक्ष गिरीश चंद्र कुशवाहा ने राष्ट्रीय कार्यकारिणी के पदाधिकारियों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई तथा सभी का फूल-मालाओं से स्वागत किया।
इस अवसर पर मदन कौशिक ने गिरीश चंद्र कुशवाहा को उनके जन्मदिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह गौरव की बात है कि राष्ट्रीय स्तर का पत्रकार सम्मेलन देवभूमि उत्तराखंड के हरिद्वार में आयोजित हो रहा है, जहां देश के अनेक राज्यों से पत्रकार एकत्र हुए हैं। उन्होंने सभी आगंतुक पत्रकारों का स्वागत करते हुए भविष्य में भी हरिद्वार आने का आमंत्रण दिया।
अधिवेशन के दौरान पत्रकारों के उत्पीड़न, शोषण तथा पत्रकार हितों से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की गई। वक्ताओं ने पत्रकारों के अधिकारों की रक्षा तथा पत्रकार विरोधी नीतियों को समाप्त करने के लिए केंद्र सरकार से प्रतिनिधिमंडल के माध्यम से संवाद स्थापित करने की आवश्यकता पर बल दिया।
समारोह में मुख्य अतिथि मदन कौशिक को संगठन की ओर से पगड़ी, अंगवस्त्र एवं अटल बिहारी वाजपेयी सम्मान देकर सम्मानित किया गया। इसके अतिरिक्त विभिन्न राज्यों से आए वरिष्ठ पत्रकारों और पदाधिकारियों को भी पगड़ी, अंगवस्त्र और सम्मान पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं पंजाब-हरियाणा प्रभारी प्रदीप मसीह गुलाटी, राष्ट्रीय सचिव एवं उत्तराखंड प्रभारी राजेश कुमार गुप्ता, राष्ट्रीय सचिव उबैस इकबाल, राष्ट्रीय सचिव महेश दत्त त्रिपाठी, राष्ट्रीय सचिव सारिक उस्मानी, उत्तर प्रदेश प्रदेशाध्यक्ष सुनील त्रिपाठी, मध्य प्रदेश प्रदेशाध्यक्ष संजय पुरोहित, उत्तराखंड प्रदेशाध्यक्ष सरोजिनी सेमवाल, पंजाब प्रदेशाध्यक्ष राजेश कुमार गर्ग, हरियाणा प्रदेशाध्यक्ष फिलिप डेविड सहित राष्ट्रीय कार्यकारिणी के अनेक सदस्य उपस्थित रहे।
कार्यक्रम संयोजक एवं पेजा उत्तराखंड के प्रदेश मुख्य महासचिव तथा प्रेस प्रवक्ता विकास शर्मा ने सभी राज्यों से आए पत्रकारों का आभार व्यक्त करते हुए उनका स्वागत किया। कार्यक्रम में पुष्पा देवी, आलोक भारद्वाज, रामराज भारती, उर्वशी, वर्तिका सक्सेना, सुनील शर्मा, परशुराम राजपूत, शौर्य त्रिपाठी, प्रदीप मिश्र, यश राजपूत, आलम हुसैन, नुसरत खान, मुकेश वर्मा सहित बड़ी संख्या में पत्रकार मौजूद रहे।
अधिवेशन के समापन अवसर पर संगठन के संस्थापक एवं राष्ट्रीय अध्यक्ष गिरीश चंद्र कुशवाहा का 61वां जन्मदिवस केक काटकर हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। उपस्थित पत्रकारों और पदाधिकारियों ने उन्हें शुभकामनाएं दीं तथा संगठन की निरंतर प्रगति की कामना की।
