ग्रेटर नोएडा: श्रमिकों की समस्याओं पर जिलाधिकारी मेघा रूपम का संवाद, शीघ्र समाधान का आश्वासन

ग्रेटर नोएडा:(द दस्तक 24 न्यूज़) 15 अप्रैल 2026 जिले की जिलाधिकारी मेघा रूपम ने ग्रेटर नोएडा स्थित अनमोल इंडस्ट्रीज लिमिटेड कंपनी का दौरा कर वहां कार्यरत श्रमिकों से सीधा संवाद किया। इस दौरान उन्होंने श्रमिकों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और उनके त्वरित समाधान का आश्वासन दिया।

जिलाधिकारी ने श्रमिकों से उनके कार्यस्थल की परिस्थितियों, वेतन, सुविधाओं और अन्य मुद्दों के बारे में विस्तार से जानकारी ली। श्रमिकों ने भी खुलकर अपनी समस्याएं रखीं, जिनमें वेतन वृद्धि, कार्यस्थल की सुविधाएं और अन्य जरूरी मुद्दे शामिल रहे।

इस अवसर पर कंपनी प्रबंधन के प्रतिनिधि भी मौजूद रहे। प्रशासन और प्रबंधन के बीच समन्वय स्थापित करते हुए जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि श्रमिकों के हित सर्वोपरि हैं और उनके अधिकारों की रक्षा करना प्रशासन की प्राथमिकता है।

जिलाधिकारी मेघा रूपम ने श्रमिकों को शासन द्वारा उनके हित में लिए गए विभिन्न निर्णयों की जानकारी भी दी और बताया कि सरकार श्रमिकों के कल्याण के लिए निरंतर प्रयासरत है। उन्होंने कंपनी प्रबंधन को निर्देशित किया कि श्रमिकों की समस्याओं का शीघ्र और प्रभावी समाधान सुनिश्चित किया जाए।

कार्यक्रम के अंत में श्रमिकों ने जिलाधिकारी के इस प्रयास की सराहना करते हुए उम्मीद जताई कि उनकी समस्याओं का जल्द समाधान होगा। प्रशासन द्वारा उठाया गया यह कदम श्रमिकों के बीच विश्वास बढ़ाने और कार्यस्थल पर बेहतर माहौल बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।