Saturday, 28 November 2026 | 8:14 AM
भारत

गया: भू-माफिया भगत यादव के बिहार- झारखंड के 11 ठिकानों पर ईओयू का छापा ,पत्नी व बेटे समेत चार गिरफ्तार

Share:
गया: भू-माफिया भगत यादव के बिहार- झारखंड के 11 ठिकानों पर ईओयू का छापा ,पत्नी व बेटे समेत चार गिरफ्तार
–पटना स्थित आवास से मिले साढ़े 19 लाख नगद
 
गया जिले अंतर्गत डोभी थाना क्षेत्र के सिंहपोखर गांव के रहने वाले व जमीन कारोबार से जुड़े सुरेंद्र कुमार सुमन उर्फ भगत यादव के खिलाफ ईओयू की टीम ने कार्रवाई करते हुए बिहार-झारखंड के 11 ठिकानों पर छापामारी की  है। वहीं भगत यादव, उसकी पत्नी व डोभी प्रखंड प्रमुख प सुनीता देवी व बेटे आर्यन को भी गिरफ्तार किया गया है। 
प्राप्त जानकारी में बताया गया है कि पटना के बुद्धा कॉलोनी थाना क्षेत्र स्थित मां सुखिया अपार्टमेंट के फ्लैट नंबर 406 से साढे 19 लाख नगद कैश मिला है।आरोप है कि भगत यादव ने जमीन पर जबरन कब्जा, रंगदारी और अपराधिक गठजोड़ के दम पर करोड़ों रुपए की काली कमाई कर रखी है। उसने अपनी पत्नी सुनीता देवी, बेटे आर्यन कुमार,करीबी सहयोगियों और अपनी कंपनी के नाम पर अकूत संपत्ति बना रखी है। जांच टीम के हाथ लगी दस्तावेजों की सूची में कुल 76 अलग-अलग संपत्तियों का ब्योरा दर्ज है,जिनकी खरीद बिक्री 2014 से 2026 के बीच की गई है।इन रजिस्ट्री कागजात में भगत यादव के अलावा पत्नी सुनीता देवी, पुत्र आर्यन कुमार, सुधीर पांडे और उपेंद्र प्रसाद समेत कई अन्य करीबियों के नाम बतौर खरीददार दर्ज है। यह नेटवर्क सिर्फ पैतृक आवास डोभी और शेरघाटी तक ही सीमित नहीं है,बल्कि बजौरा, बोधगया,बाराचट्टी, परसावां, बड़गांव ,अमरथ से लेकर पटना तक फैला है। इसके अलावा झारखंड में भी इनके ठिकानों पर छापामारी  की गई है।दस्तावेजों के मुताबिक बोधगया में दो फ्लैट क्षेत्रफल (0.5345 एवं 0.7395) तथा राजधानी पटना में 1. 0147 क्षेत्रफल का एक बड़ा फ्लैट खरीदा गया है। शिकायत में 'अनन्या क्रॉप्स इंडिया प्राइवेट लिमिटेड'नामक कंपनी की भूमिका को भी संदिग्ध बताया गया है। आरोप है कि इसी कंपनी के जरिए काले धन को सफेद कर पत्नी व बेटी के नाम पर संपत्ति बटोरी गई है। सबसे गंभीर आरोप यह है कि 200 एकड़ के साम्राज्य में गरीबों को दी जाने वाली भूदान यज्ञ समिति और सरकारी सीलिंग की जमीन भी अवैध तरीके से कब्जा कर शामिल कर ली गई है। भगत यादव का पुराना आपराधिक रिकार्ड भी ईओयू के रडार पर है।क्राइम रिकॉर्ड के मुताबिक इन पर बिहार-झारखंड के विभिन्न स्थानों में अपहरण, रंगदारी और जमीन कब्जा करने से जुड़े कुल 23 मामले दर्ज हैं।इनमें गया के टिकारी ,रामपुर ,कोतवाली, बोधगया,बाराचट्टी ,शेरघाटी और डोभी थानों में संगीन धाराओं में केस दर्ज है। वहीं पड़ोसी राज्य झारखंड के बोकारो, चास, धनबाद के जोगता,डुमरी और हंटरगंज थानों में भी आपराधिक कांड दर्ज होने की दावा किया गया है।