केकेआर के खिलाफ मुकुल चौधरी की बल्लेबाजी देखकर गदगद हुए गावस्कर

भारतीय टीम के दिग्गज खिलाड़ी सुनील गावस्कर लखनऊ सुपर जाएंट्स के बल्लेबाज मुकुल चौधरी की बल्लेबाजी देखकर अभिभूत हो गए हैं। मुकुल ने केकेआर के खिलाफ रोमांचक मुकाबले में 27 गेंदों पर सात छक्कों और एक चौके की मदद से नाबाद 54 रन बनाए जिससे लखनऊ ने आखिरी गेंद पर तीन विकेट से जीत दर्ज की और केकेआर के मुंह से जीत छीन ली। मुकुल चौधरी की पारी ने क्रिकेट के दिग्गजों को उनका दिवाना बना दिया है। गावस्कर ने मुकुल चौधरी की विस्फोटक पारी पर आईपीएल के आधिकारिक प्रसारक स्टार स्पोर्ट्स से कहा, इस प्रतिभाशाली खिलाड़ी ने निडर होकर जबरदस्त पारी खेली। मुझे आईपीएल के बारे में जो बात पसंद है, वह यह है कि हर दिन हमें कुछ अलग देखने को मिलता है। हमने पिछले मैच में गुजरात टाइटंस के खिलाफ दिल्ली कैपिटल्स के डेविड मिलर को एक शानदार पारी खेलते हुए देखा और अपनी टीम को लगभग जीत दिला ही दी थी, लेकिन वह पारी एक मशहूर विश्व कप स्टार ने खेली थी। यहां मुकुल चौधरी हैं, जिन्होंने आगे बढ़कर अपनी टीम को फिनिश लाइन पार करने में मदद की। यह एक युवा लड़का है जो घरेलू टी20 क्रिकेट में राजस्थान के लिए नंबर पांच पर बल्लेबाजी करता है। वह बस आईपीएल में आता है, एक जबरदस्त पारी खेलता है और हर कोई उसके बारे में बात करता है।