फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 05 अगस्त 2026 जनपद में बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में राहत एवं बचाव कार्यों की निगरानी के क्रम में जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर ने बुधवार को तहसील अमृतपुर के विकासखंड राजेपुर स्थित बाढ़ प्रभावित ग्राम तीस राम मड़ैया का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने नाव के माध्यम से क्षेत्र का दौरा कर राहत एवं बचाव कार्यों का जायजा लिया तथा अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रत्येक प्रभावित परिवार तक समयबद्ध और पारदर्शी तरीके से राहत सामग्री पहुंचाई जाए।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने राहत शिविरों, खाद्यान्न वितरण, पेयजल, चिकित्सा सेवाओं, स्वच्छता व्यवस्था और पशुओं के लिए चारे की उपलब्धता की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि किसी भी बाढ़ प्रभावित व्यक्ति को आवश्यक सहायता से वंचित न रखा जाए तथा सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ राहत कार्यों को प्रभावी ढंग से संचालित करें।
जिलाधिकारी ने ग्रामीणों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और भरोसा दिलाया कि जिला प्रशासन हर परिस्थिति में उनके साथ खड़ा है। उन्होंने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप राहत एवं बचाव कार्यों को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है और प्रत्येक जरूरतमंद तक आवश्यक सहायता पहुंचाई जाएगी।
स्वास्थ्य व्यवस्थाओं को लेकर जिलाधिकारी ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी को निर्देश दिए कि बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में नियमित स्वास्थ्य शिविर लगाए जाएं। बच्चों को कृमिनाशक, एंटीबायोटिक, विटामिन तथा चर्म रोग की दवाएं उपलब्ध कराई जाएं, जबकि ग्रामीणों को क्लोरीन, डीहाइड्रेशन, फंगल इन्फेक्शन और सर्पदंश से बचाव के लिए आवश्यक दवाओं का वितरण सुनिश्चित किया जाए। साथ ही गांवों में नियमित रूप से ब्लीचिंग पाउडर और कीटनाशक दवाओं का छिड़काव कराने के भी निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने बेसिक शिक्षा विभाग को निर्देशित किया कि बाढ़ प्रभावित गांवों और शरणालय स्थलों में बच्चों की पढ़ाई प्रभावित न हो, इसके लिए शिक्षकों की तैनाती सुनिश्चित की जाए।
इसके बाद जिलाधिकारी ने विकासखंड राजेपुर स्थित रामनिवास महाविद्यालय के अवध इंस्टीट्यूट ऑफ फार्मेसी भवन में संचालित बाढ़ राहत शरणालय का निरीक्षण किया। उन्होंने भोजन, पेयजल, विद्युत, स्वच्छ शौचालय, साफ-सफाई, चिकित्सा सुविधा, दवाओं की उपलब्धता तथा महिलाओं और बच्चों के लिए की गई व्यवस्थाओं का जायजा लिया। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि शरणालय में रहने वाले प्रत्येक व्यक्ति की आवश्यकताओं का संवेदनशीलता के साथ ध्यान रखा जाए और किसी भी प्रकार की असुविधा न होने दी जाए।
जिलाधिकारी ने शरणालय में रह रहे लोगों से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं और आश्वासन दिया कि बाढ़ की स्थिति सामान्य होने तक सभी प्रभावित परिवारों को आवश्यक सुविधाएं और राहत उपलब्ध कराई जाती रहेंगी। उन्होंने पशुओं के स्वास्थ्य परीक्षण एवं टीकाकरण की भी नियमित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक श्रीमती आरती सिंह, अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) अरुण कुमार सिंह, उपजिलाधिकारी अमृतपुर श्वेता साहू, नायब तहसीलदार अभिषेक, खंड विकास अधिकारी सुनील जायसवाल सहित राजस्व, स्वास्थ्य, पुलिस एवं अन्य विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
