फर्रुखाबाद:संत रविदास की 650वीं जयंती पर भाजपा ने शुरू किया सामाजिक समरसता संकल्प अभियान, सांसद मुकेश राजपूत ने सिर पर कलश रखकर यात्रा को किया रवाना

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 02 अगस्त 2026 जनपद में संत शिरोमणि गुरु रविदास महाराज की 650वीं जयंती के उपलक्ष्य में रविवार को भारतीय जनता पार्टी द्वारा “सामाजिक समरसता संकल्प अभियान” का शुभारंभ किया गया। अभियान की शुरुआत सांसद मुकेश राजपूत, भाजपा जिलाध्यक्ष फतेहचंद वर्मा, पूर्व जिलाध्यक्ष सत्यपाल सिंह एवं अन्य पार्टी पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं की उपस्थिति में हुई। इस दौरान वाराणसी स्थित संत रविदास की जन्मस्थली से कलश में लाई गई पवित्र मिट्टी को नमन करते हुए सांसद मुकेश राजपूत ने कलश को अपने सिर पर रखकर यात्रा को रवाना किया।

सांसद मुकेश राजपूत ने कहा कि संत शिरोमणि गुरु रविदास महाराज ने अपने पूरे जीवन में समानता, सामाजिक समरसता और मानव सेवा का संदेश दिया। उनके विचार आज भी समाज को नई दिशा प्रदान करते हैं। उन्होंने बताया कि संत रविदास महाराज की 650वीं जयंती के अवसर पर आयोजित सामाजिक समरसता संकल्प अभियान के तहत यह कलश यात्रा जनपद के सभी विधानसभा क्षेत्रों और मंडलों तक पहुंचेगी तथा सामाजिक एकता और समरसता का संदेश देगी।

उन्होंने कहा कि देश और प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनने के बाद महान संतों, महापुरुषों और राष्ट्रनिर्माताओं के इतिहास को जन-जन तक पहुंचाने का कार्य किया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि पूर्ववर्ती सरकारों ने देश के संतों और महापुरुषों के योगदान की अपेक्षित चर्चा नहीं की, जबकि वर्तमान सरकार उनके विचारों और आदर्शों को समाज तक पहुंचाने का कार्य कर रही है।

भाजपा जिलाध्यक्ष फतेहचंद वर्मा ने कहा कि संत रविदास महाराज ऐसे महान संत थे जिन्होंने समाज में समरसता, समानता और भाईचारे का संदेश दिया। उनके आदर्शों पर चलते हुए भारतीय जनता पार्टी समाज की अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक विकास पहुंचाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने बताया कि कलश यात्रा पूरे जनपद के सभी मंडलों में जाएगी और भाजपा कार्यकर्ता सामाजिक समरसता का संदेश जन-जन तक पहुंचाने का कार्य करेंगे।

कार्यक्रम में जिला उपाध्यक्ष एवं कार्यक्रम संयोजक वीरेंद्र कठेरिया, पिछड़ा मोर्चा जिला महामंत्री कृष्ण मुरारी राजपूत, पूर्व जिलाध्यक्ष रूपेश गुप्ता, जिला महामंत्री हिमांशु गुप्ता, गोपाल राठौड़, जिला कोषाध्यक्ष संजीव गुप्ता, जिला मंत्री श्वेता दुबे, शिवमोहन सिंह, जिला उपाध्यक्ष जितेंद्र सिंह, कार्यालय मंत्री संजय सिंह, पूर्व जिला महामंत्री संदीप शाक्य, वरिष्ठ नेता रामनरेश गौतम, जिला मंत्री पंकज पाल, योगेंद्र सिंह चौहान, जिला मंत्री प्रतिभा राजपूत, जिला मीडिया प्रभारी शिवांग रस्तोगी सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Leave a Comment