फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 02 अगस्त 2026 जनपद की कम्पिल थाना पुलिस ने गश्त एवं संदिग्ध व्यक्ति/वाहन चेकिंग अभियान के दौरान एक युवक को अवैध तमंचा और दो जिंदा कारतूस के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन एवं पर्यवेक्षण में रविवार 2 अगस्त 2026 को थाना कम्पिल पुलिस क्षेत्र में गश्त और चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान एक संदिग्ध युवक की तलाशी लेने पर उसके कब्जे से एक अवैध 12 बोर तमंचा तथा दो जिंदा 12 बोर कारतूस बरामद हुए।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान कल्लू पुत्र हारून, निवासी ग्राम भरगैन, थाना पटियाली, जनपद कासगंज के रूप में हुई है। बरामदगी के आधार पर थाना कम्पिल में मु0अ0सं0 150/2026, धारा 3/25 आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा पंजीकृत किया गया है। पुलिस मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई कर रही है।
पुलिस अभिलेखों के अनुसार, आरोपी का पूर्व में भी आपराधिक इतिहास रहा है। उसके विरुद्ध वर्ष 2021 में थाना अलीगंज (जनपद एटा) तथा वर्ष 2016 में थाना पटियाली (जनपद कासगंज) में भी आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमे दर्ज हैं। वर्तमान गिरफ्तारी के साथ उसके विरुद्ध आर्म्स एक्ट का एक और मुकदमा दर्ज किया गया है।
पुलिस ने बताया कि जनपद में अपराध एवं अवैध हथियारों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत लगातार चेकिंग अभियान जारी है और ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई की जा रही है।
