फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24) दीपावली की खुशियों के बीच फर्रुखाबाद के कम्पिल थाना क्षेत्र में एक दिल दहला देने वाला हादसा सामने आया। पटाखे के धमाके से स्टील का बर्तन फट गया और उसका एक टुकड़ा 9 वर्षीय मासूम सम्राट की गर्दन में जा लगा। गंभीर रूप से घायल बच्चे को अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, सोमवार सुबह करीब 9 बजे पट्टी मदारी मोहल्ले में सम्राट घर के बाहर अन्य बच्चों के साथ खेल रहा था। इसी दौरान एक बच्चे ने स्टील के बर्तन में पटाखा रखकर आग लगा दी। कुछ ही क्षणों में तेज धमाका हुआ और बर्तन के टुकड़े इधर-उधर बिखर गए। इसी दौरान एक टुकड़ा सम्राट की गर्दन में जा लगा, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।

हादसे के बाद परिजन आनन-फानन में मासूम को निजी चिकित्सक के पास लेकर पहुंचे। हालत गंभीर देखते हुए चिकित्सक ने उसे फर्रुखाबाद ले जाने की सलाह दी। इसके बाद परिजन उसे एक निजी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
सम्राट तीन भाई-बहनों में दूसरे नंबर पर था। उसके पिता अजय कठेरिया मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करते हैं। बेटे की असमय मौत से मां काजल का रो-रोकर बुरा हाल है। परिवार में कोहराम मचा हुआ है। जिस घर में बच्चों की हंसी-खुशी गूंज रही थी, वहां अब मातम पसरा हुआ है।
मृतक के चाचा सत्यवीर माथुर ने पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया। वहीं, कम्पिल थानाध्यक्ष नितिन कुमार ने बताया कि बच्चे की मौत की मौखिक सूचना मिली है, अभी तक कोई लिखित सूचना प्राप्त नहीं हुई है।
एक छोटी सी लापरवाही बनी जिंदगी पर भारी

यह हादसा सभी अभिभावकों के लिए गंभीर चेतावनी है। पटाखे कभी भी स्टील के बर्तन, डिब्बे, पाइप या किसी बंद वस्तु में रखकर नहीं जलाने चाहिए। बच्चों को पटाखे अकेले न जलाने दें और हमेशा बड़ों की निगरानी में सुरक्षित स्थान पर ही आतिशबाजी कराएं।

मासूम सम्राट की असमय मौत ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया है। ईश्वर दिवंगत बालक की आत्मा को शांति प्रदान करें और शोकाकुल परिवार को इस अपार दुख को सहन करने की शक्ति दें।