फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 16 अगस्त 2026 स्वतंत्रता दिवस के पावन पर्व पर सरस्वती बालिका विद्या मंदिर, सेनापति, फर्रुखाबाद में विभिन्न सांस्कृतिक एवं रंगारंग कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में देशप्रेम, त्याग और समर्पण की भावपूर्ण झलक देखने को मिली। छात्राओं की प्रस्तुतियों ने उपस्थित अतिथियों, अभिभावकों एवं विद्यालय परिवार का मन मोह लिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि वार्ड सभासद श्रीमती स्नेह लता त्रिपाठी ने दीप प्रज्वलित कर किया। इसके पश्चात सरस्वती वंदना प्रस्तुत की गई। छात्राओं ने देशभक्ति से ओत-प्रोत विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर स्वतंत्रता संग्राम, राष्ट्रप्रेम और देश के गौरवशाली अतीत की झलक प्रस्तुत की। भावपूर्ण प्रस्तुतियों ने उपस्थित लोगों को भाव-विभोर कर दिया।
मुख्य अतिथि श्रीमती स्नेह लता त्रिपाठी ने भी गीत के माध्यम से देश की गौरवशाली झांकी एवं अतीत के वैभव का बोध छात्राओं को कराया। उन्होंने छात्राओं से राष्ट्र के प्रति समर्पण और जिम्मेदारी की भावना को जीवन में अपनाने का आह्वान किया।
विशिष्ट अतिथि श्रीमती मीरा सक्सेना एवं पूर्व प्रधानाचार्य श्रीमती मीना कटिहार ने कहा कि देश के प्रति समर्पण और राष्ट्रहित की भावना आज की पीढ़ी के लिए अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने छात्राओं को देश की एकता, अखंडता और संस्कृति के संरक्षण के लिए जागरूक रहने की प्रेरणा दी।
विद्यालय की प्रधानाचार्य श्रीमती रागिनी मिश्रा ने कहा कि स्वाधीनता का वास्तविक अर्थ स्वयं के अधीन रहकर अनुशासित जीवन जीना है। उन्होंने छात्राओं से अनुशासन, संस्कार, कर्तव्यबोध और राष्ट्रप्रेम को अपने जीवन का हिस्सा बनाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम का संचालन श्रीमती अर्चना मिश्रा ने किया। इस अवसर पर विद्यालय की कोषाध्यक्ष श्रीमती शीला त्रिवेदी, अभिभावकगण तथा विद्यालय परिवार से श्रीमती कीर्ति, शान्या, नेहा, दिव्या, कल्पना, बिंदु, रजनीश, अनुज, अंकुर, जीतू, शिवम सहित अन्य लोगों का विशेष सहयोग रहा।
समारोह के दौरान विद्यालय परिसर देशभक्ति के नारों और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से गूंजता रहा। छात्राओं ने अपनी प्रस्तुतियों के माध्यम से स्वतंत्रता दिवस के महत्व और राष्ट्र के प्रति अपने प्रेम एवं समर्पण का संदेश दिया।
