फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 12 अगस्त 2026 जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर ने बुधवार को तहसील सदर के विकासखंड बढ़पुर क्षेत्र के बाढ़ प्रभावित ग्राम दिलीप की मड़ैया एवं धौली की मड़ैया का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने बाढ़ प्रभावित ग्रामीणों को जिला प्रशासन की ओर से उपलब्ध कराए जा रहे राहत एवं बचाव कार्यों की जानकारी ली तथा ग्रामीणों से संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं।
जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में राहत एवं बचाव कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। प्रभावित परिवारों को आवश्यक खाद्य सामग्री, स्वच्छ पेयजल, स्वास्थ्य सुविधाएं तथा अन्य जरूरी राहत सामग्री समय से उपलब्ध कराई जाए। उन्होंने बाढ़ की स्थिति पर लगातार निगरानी रखने और आवश्यकता पड़ने पर ग्रामीणों को तत्काल सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने बच्चों को कुक्ड फूड का वितरण भी किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि बाढ़ के तेज बहाव के कारण जिन ग्रामीणों के आवागमन के रास्ते या संपर्क मार्ग कट गए हैं, उन्हें शासन द्वारा निर्धारित सहायता राशि तत्काल उनके बैंक खातों में उपलब्ध कराई जाए।
उन्होंने बाढ़ के पानी के कटाव के कारण जिन ग्रामीणों के आशियाने पूरी तरह प्रभावित होकर समाप्त हो गए हैं, उनकी सूची तैयार कर आवासीय पट्टे निर्गत किए जाने के लिए आवश्यक पत्रावली तैयार करने के निर्देश भी दिए।
जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर ने ग्रामीणों को भरोसा दिलाया कि जिला प्रशासन बाढ़ प्रभावित लोगों की सहायता के लिए पूरी तत्परता से कार्य कर रहा है। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रभावित परिवार को आवश्यक राहत एवं सहायता से वंचित नहीं होने दिया जाएगा। आपात स्थिति से निपटने के लिए संबंधित विभागों की टीमें सक्रिय रहें और जरूरत के अनुसार तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करें।
निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व अरुण कुमार सिंह, उपजिलाधिकारी सदर संजय कुमार, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी विश्वनाथ प्रताप सिंह, तहसीलदार सदर विक्रम सिंह चौहान सहित राजस्व एवं अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
