- मंडलायुक्त डॉ. लोकेश एम द्वारा दिए गए निर्देशों के क्रम में खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग द्वारा आज दूसरे दिन भी विशेष प्रवर्तन अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान 11 खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर खाद्य पदार्थों के नमूने संग्रहित किए गए तथा गुणवत्ता, स्वच्छता एवं हाइजीन संबंधी कमियां पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई की गई। न्यू छप्पन भोग, ओकेजन बेकरी, होटल ग्रैण्ड कांटिनेन्टल एवं पैराडाइज्ड फास्ट फूड एंड रेस्टोरेंट जैसे प्रमुख खाद्य प्रतिष्ठानों में भी निरीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई की गई।
- अभियान के दौरान कुल 4 खाद्य प्रतिष्ठानों/कारोबार को आवश्यक सुधार अथवा खाद्य पंजीकरण होने तक बंद कराया गया। इनमें रतन डेयरी, न्यू छप्पन भोग, सोनू एवं नोनू फ्रूट कम्पनी तथा राजेश कुमार सोनकर का प्रतिष्ठान शामिल हैं। रतन डेयरी में 48 किलोग्राम दही एवं जय मां दुर्गा स्वीट में 5 किलोग्राम बर्फी की भौतिक स्थिति ठीक न पाए जाने पर मौके पर विनष्ट कराया गया।
प्रमुख प्रतिष्ठानों में की गई कार्रवाई—
- न्यू छप्पन भोग, 17/2 कस्तूरबा गांधी मार्ग — बर्फी एवं बेसन के नमूने संग्रहित किए गए। परिसर में गंदगी एवं अन्य कमियां पाए जाने पर नोटिस चस्पा किया गया तथा आवश्यक सुधार होने तक किचन बंद कराया गया।
- ओकेजन बेकरी, मम्फोर्डगंज — टूटी-फ्रूटी ड्राई केक एवं पेस्ट्री के नमूने संग्रहित किए गए। खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता संदिग्ध पाए जाने पर नियमानुसार नमूना कार्रवाई की गई।
- होटल ग्रैण्ड कांटिनेन्टल, सिविल लाइन्स — होटल के किचन एवं भंडारगृह का निरीक्षण किया गया। साफ-सफाई एवं हाइजीन संबंधी कमियां पाए जाने पर नोटिस जारी किया गया तथा आवश्यक सुधार के निर्देश दिए गए।
- पैराडाइज्ड फास्ट फूड एंड रेस्टोरेंट, बालसन चौराहा — किचन एवं भंडारगृह का निरीक्षण किया गया। साफ-सफाई एवं हाइजीन से संबंधित कमियां पाए जाने पर नोटिस जारी किया गया।
अन्य प्रतिष्ठानों में की गई कार्रवाई—
- रतन डेयरी, बजाई कमला नगर — दही एवं पनीर के नमूने संग्रहित किए गए। दही में मिलावट की आशंका एवं उसकी भौतिक स्थिति ठीक न पाए जाने पर 48 किलोग्राम दही मौके पर विनष्ट कराया गया तथा आवश्यक सुधार होने तक डेयरी बंद कराई गई।
- डिलाइट मफिंस, धूमनगंज — अजवाइन कुकीज एवं इलायची रस्क के नमूने लिए गए। पानी की जांच रिपोर्ट एवं पेस्ट कंट्रोल प्रमाण पत्र प्रस्तुत न किए जाने तथा कर्मचारियों द्वारा हेड कवर, एप्रन एवं ग्लव्स का प्रयोग न किए जाने पर नोटिस जारी किया गया।
- जय मां दुर्गा स्वीट, अलोपीबाग मंदिर के सामने — कलाकंद का नमूना संग्रहित किया गया। परिसर में पाई गई कमियों के दृष्टिगत नोटिस जारी किया गया तथा भौतिक स्थिति ठीक न पाए जाने पर 5 किलोग्राम बर्फी मौके पर विनष्ट कराई गई।
- राजा बाबू फ्रूट कम्पनी, महावीरपुरी, थाना शिवकुटी — राइपनिंग चैंबर का निरीक्षण कर रसायन के माध्यम से पकाए जाने के संदेह में पपीते का नमूना संग्रहित किया गया। साथ ही, पकाने में प्रयुक्त रसायन का भी नमूना जांच के लिए भेजा गया।
- सोनू एवं नोनू फ्रूट कम्पनी, महावीरपुरी, थाना शिवकुटी — राइपनिंग चैंबर का निरीक्षण किया गया, जहां लगभग 10 कुंतल केले रसायनों के माध्यम से पकाए जाते हुए पाए गए। रसायन से पकाए जाने के संदेह में केले का विधिक नमूना संग्रहित किया गया। बिना खाद्य पंजीकरण के खाद्य कारोबार संचालित किए जाने के दृष्टिगत कारोबार को प्रतिबंधित करते हुए प्रतिष्ठान बंद कराया गया।
- राजेश कुमार सोनकर, सीढ़ौली, जलालपुर, उतरांव — रसायन से पकाए जाने के संदेह में केले का नमूना संग्रहित किया गया। बिना खाद्य पंजीकरण के खाद्य कारोबार संचालित किए जाने पर प्रतिष्ठान बंद कराया गया।
- होटल फोर व्यू, सिविल लाइन्स — निरीक्षण के दौरान प्रतिष्ठान का किचन क्रियाशील नहीं पाया गया।
द दस्तक 24
प्रभारी पत्रकार तहसील कोरांव प्रयागराज उमाशंकर कुशवाहा 7571974858
