फर्रुखाबाद:लोहिया अस्पताल में सीएमओ का औचक निरीक्षण, तंबाकू खाते तीमारदार पर ₹200 जुर्माना

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 04 जून 2026 जनपद के जिला पुरुष एवं महिला चिकित्सालय (डॉ. राममनोहर लोहिया अस्पताल) में स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता और व्यवस्थाओं का जायजा लेने के लिए नवागंतुक मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) डॉ. आनंद उपाध्याय ने गुरुवार को औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान अस्पताल की साफ-सफाई, चिकित्सकों की उपस्थिति और मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाएं संतोषजनक पाई गईं। वहीं अस्पताल परिसर में तंबाकू का सेवन कर रहे एक तीमारदार पर सीएमओ ने मौके पर ही ₹200 का जुर्माना लगाया।

सुबह अचानक अस्पताल पहुंचे सीएमओ ने सबसे पहले ओपीडी का निरीक्षण किया। इस दौरान सभी चिकित्सक अपने निर्धारित कक्षों में मरीजों का उपचार करते हुए मिले। इसके बाद उन्होंने नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ. प्रभात वर्मा के कक्ष और ऑपरेशन थिएटर का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की जानकारी ली।

निरीक्षण के क्रम में सीएमओ ने महिला अस्पताल की इमरजेंसी, एसएनसीयू (स्पेशल न्यूबॉर्न केयर यूनिट) तथा एनआरसी (पोषण पुनर्वास केंद्र) वार्ड का भी दौरा किया। उन्होंने भर्ती नवजात शिशुओं के उपचार संबंधी जानकारी प्राप्त की तथा कुपोषित बच्चों के परिजनों से बातचीत कर उन्हें उपलब्ध कराई जा रही डाइट और अन्य सुविधाओं के बारे में फीडबैक लिया। पुरुष अस्पताल की इमरजेंसी में प्रभारी डॉ. अभिषेक चतुर्वेदी ने सीएमओ को वार्ड की व्यवस्थाओं से अवगत कराया।

तंबाकू सेवन पर दिखाई सख्ती

अस्पताल परिसर को स्वच्छ और नशामुक्त बनाए रखने के उद्देश्य से सीएमओ ने निरीक्षण के दौरान एक तीमारदार को तंबाकू खाते हुए पकड़ लिया। उन्होंने संबंधित व्यक्ति को स्वास्थ्य पर तंबाकू के दुष्प्रभावों और अस्पताल की गरिमा के बारे में समझाया तथा तत्काल ₹200 का जुर्माना वसूल किया।

साफ-सफाई व्यवस्था में दिखा सुधार

अस्पताल में अक्सर गंदगी और दुर्गंध की शिकायतें सामने आती रही हैं, लेकिन इस बार निरीक्षण के दौरान परिसर साफ-सुथरा और व्यवस्थित दिखाई दिया। अधिकारियों की सक्रियता का असर अस्पताल के वातावरण पर साफ नजर आया।

डॉक्टरों की समयबद्ध उपस्थिति पर जोर

निरीक्षण के बाद मीडिया से बातचीत में सीएमओ डॉ. आनंद उपाध्याय ने कहा कि अस्पताल की व्यवस्थाएं सामान्य रूप से संतोषजनक मिली हैं, हालांकि कुछ छोटी कमियों को तत्काल दूर करने के निर्देश दिए गए हैं।

उन्होंने चिकित्सकों के समय पर कक्षों में बैठने को लेकर विशेष जोर देते हुए मुख्य चिकित्सा अधीक्षक (सीएमएस) को निर्देशित किया कि सभी डॉक्टर सुबह 8 बजे तक अपने-अपने कक्षों में उपस्थित रहें, ताकि दूर-दराज से आने वाले मरीजों को समय पर उपचार उपलब्ध कराया जा सके।

करीब 45 मिनट तक चले इस निरीक्षण के दौरान डिप्टी सीएमओ डॉ. दीपक कटारिया, मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. जगमोहन शर्मा, डॉ. धीर सिंह, डॉ. प्रभात वर्मा सहित अस्पताल के कई वरिष्ठ अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

Leave a Comment