फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 31 जुलाई 2026 कांवड़ यात्रा एवं श्रद्धालुओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए शनिवार को अपर पुलिस महानिदेशक, कानपुर जोन, कानपुर श्रीमती अनुपम कुलश्रेष्ठ तथा पुलिस उपमहानिरीक्षक, कानपुर परिक्षेत्र श्री यमुना प्रसाद ने जनपद फतेहगढ़ के भ्रमण के दौरान थाना कादरीगेट क्षेत्र स्थित पांचालघाट का स्थलीय निरीक्षण किया। अधिकारियों ने घाट पर सुरक्षा एवं राहत व्यवस्थाओं का विस्तृत जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने घाटों पर श्रद्धालुओं एवं आमजन की सुरक्षा व्यवस्था, गोताखोरों की तैनाती, बैरिकेडिंग, पुलिस बल की ड्यूटी, जल पुलिस की व्यवस्था तथा किसी भी आपदा की स्थिति में राहत एवं बचाव कार्यों की तैयारियों का गहन निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से व्यवस्थाओं की जानकारी प्राप्त करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।
अपर पुलिस महानिदेशक एवं पुलिस उपमहानिरीक्षक ने निर्देशित किया कि घाटों पर पर्याप्त संख्या में प्रशिक्षित गोताखोरों की तैनाती सुनिश्चित की जाए, ताकि किसी भी आकस्मिक घटना की स्थिति में तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू किए जा सकें। साथ ही सभी सुरक्षा व्यवस्थाओं को पूरी सतर्कता एवं प्रभावशीलता के साथ संचालित करने पर विशेष जोर दिया।
उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसके लिए पुलिस, जल पुलिस तथा अन्य संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ लगातार निगरानी बनाए रखें और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार रहें।
निरीक्षण के दौरान स्थानीय पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों ने अधिकारियों को सुरक्षा प्रबंधों की जानकारी दी तथा आवश्यक व्यवस्थाओं से अवगत कराया।
