फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 01 जुलाई 2026 थाना राजेपुर पुलिस ने हत्या एवं एससी/एसटी एक्ट के तहत दर्ज एक चर्चित मामले में वांछित आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार आरोपी के विरुद्ध अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस के मुताबिक, अपर पुलिस महानिदेशक कानपुर जोन श्रीमती अनुपम कुलश्रेष्ठ के निर्देशन तथा पुलिस उपमहानिरीक्षक कानपुर रेंज श्री यमुना प्रसाद के पर्यवेक्षण में अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना राजेपुर पुलिस ने सौरभ पुत्र ओमपाल निवासी ग्राम उजरामऊ, थाना राजेपुर, जनपद फतेहगढ़ को गिरफ्तार किया। आरोपी थाना राजेपुर में दर्ज मुकदमा अपराध संख्या 95/2026 में धारा 105, 115(2), 352 बीएनएस तथा एससी/एसटी एक्ट की धाराओं के तहत वांछित था।
पुलिस के अनुसार, वादी उदयप्रताप सिंह ने तहरीर देकर बताया था कि उनका भाई श्यामवीर प्रताप सिंह उर्फ सोनू 18 जून 2026 की रात गांव में भोजन करने के बाद घर के बाहर बिजली के खंभे के पास बनी बेंच पर लेटा हुआ था। आरोप है कि इसी दौरान पुरानी रंजिश को लेकर सौरभ और उसके साथियों ने जातिसूचक शब्दों का प्रयोग करते हुए उसके साथ मारपीट की। गंभीर रूप से घायल श्यामवीर को पहले जिला अस्पताल और बाद में हायर सेंटर रेफर किया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मृत्यु हो गई।
पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर विवेचना शुरू की। जांच के दौरान मामले में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 105 की बढ़ोतरी की गई। इसके बाद वांछित आरोपी सौरभ को गिरफ्तार कर लिया गया।
पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपने ऊपर लगे आरोपों से इनकार किया और कहा कि वह अपना पक्ष अपने अधिवक्ता के माध्यम से न्यायालय में प्रस्तुत करेगा।
पुलिस के अनुसार आरोपी के विरुद्ध वर्तमान में यही मुकदमा दर्ज है। गिरफ्तारी करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक आशुतोष सिंह, कांस्टेबल अनूप कुमार एवं कांस्टेबल पवन कुमार शामिल रहे।
