फर्रुखाबाद:नाबालिग युवती को बहला-फुसलाकर भगाने का आरोपी गिरफ्तार, पॉक्सो एक्ट समेत गंभीर धाराओं में कार्रवाई

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 31 जुलाई 2026 कोतवाली मोहम्मदाबाद पुलिस ने नाबालिग युवती को बहला-फुसलाकर भगा ले जाने के मामले में वांछित एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने पीड़िता के बयान के आधार पर मुकदमे में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की अतिरिक्त धाराएं तथा पॉक्सो एक्ट की धाराएं बढ़ाते हुए आरोपी के विरुद्ध अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, यह कार्रवाई अपर पुलिस महानिदेशक कानपुर जोन श्रीमती अनुपम कुलश्रेष्ठ एवं पुलिस उपमहानिरीक्षक कानपुर रेंज श्री यमुना प्रसाद के निर्देशन में अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत की गई।

कोतवाली मोहम्मदाबाद में दर्ज मुकदमा संख्या 233/2026 के तहत पुलिस ने प्रबल प्रताप उर्फ अंशू पुत्र गोविन्द सिंह, निवासी ग्राम अरसानी, कोतवाली मोहम्मदाबाद, को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार, 10 जुलाई 2026 को पीड़िता के पिता द्वारा दी गई तहरीर में आरोप लगाया गया था कि आरोपी उनकी नाबालिग पुत्री को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया तथा विरोध करने और बातचीत करने पर गाली-गलौज एवं जान से मारने की धमकी दी।

विवेचना के दौरान पुलिस ने नाबालिग पीड़िता को सकुशल बरामद कर लिया। उसके बयान के आधार पर मुकदमे में बीएनएस की अतिरिक्त धाराएं 64 एवं 87 के साथ-साथ पॉक्सो एक्ट की धारा 3/4 भी जोड़ी गईं।

पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि वह नाबालिग युवती से शादी करना चाहता था। हालांकि उसने अपने ऊपर लगाए गए आरोपों से इनकार करते हुए कहा कि वह अपना पक्ष न्यायालय में अपने अधिवक्ता के माध्यम से रखेगा।

इस कार्रवाई को प्रभारी निरीक्षक आमोद कुमार सिंह के नेतृत्व में उपनिरीक्षक हरीश कुमार, कांस्टेबल मनीष कुमार तथा महिला कांस्टेबल काजल की टीम ने अंजाम दिया। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया पूरी करते हुए आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

Leave a Comment