फर्रुखाबाद:ब्लॉक बढ़पुर में वृक्षारोपण वर्ष 2026 को लेकर बैठक आयोजित, अधिकारियों को दिए गए आवश्यक दिशा-निर्देश

फर्रुखाबाद, 01 जुलाई 2026 वृक्षारोपण वर्ष 2026 अभियान को सफल बनाने के उद्देश्य से बुधवार को विकास खंड बढ़पुर कार्यालय में एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में ब्लॉक एवं ग्राम पंचायत स्तर के अधिकारियों और कर्मचारियों ने भाग लिया।

बैठक के दौरान वन विभाग की फर्रुखाबाद रेंज के अधिकारियों ने पौधशालाओं से पौध उठाने की प्रक्रिया, निर्धारित स्थलों पर वृक्षारोपण की कार्ययोजना तथा पौधों के संरक्षण संबंधी आवश्यक जानकारी विस्तार से दी। इसके साथ ही वृक्षारोपण कार्य की जियो टैगिंग की प्रक्रिया एवं उसकी महत्ता से भी अधिकारियों को अवगत कराया गया, ताकि अभियान की पारदर्शिता एवं प्रभावी निगरानी सुनिश्चित की जा सके।

अधिकारियों से कहा गया कि वृक्षारोपण अभियान को शासन की मंशा के अनुरूप समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा किया जाए। साथ ही लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल और उनके जीवित रहने की जिम्मेदारी भी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

बैठक में सभी संबंधित अधिकारियों से समन्वय बनाकर अधिक से अधिक पौधरोपण करने तथा पर्यावरण संरक्षण के इस अभियान को जनभागीदारी के साथ सफल बनाने का आह्वान किया गया।

Leave a Comment