फखर जमां को पीएसएल की तकनीकी समिति ने भी दिया झटका, अपील हुई खारिज; दो मैच का निलंबन रहेगा बरकरार

पाकिस्तान के अनुभवी बल्लेबाज फखर जमां की मुश्किलें कम होने का नाम नहीं ले रही हैं। पाकिस्तान सुपर लीग (पीएसएल) की तीन सदस्यीय तकनीकी समिति ने फखर की अपील खारिज कर दी है जिस कारण उन पर लगा दो मैचों का निलंबन जारी रहेगा। लाहौर कलंदर्स के ओपनर फखर जमां पर गेंद से छेड़छाड़ करने के लिए दो मैचों का निलंबन लगा है, लेकिन इस बल्लेबाज ने फैसले को चुनौती दी थी। समिति ने इस मामले पर सुनवाई की और सभी उपलब्ध सबूत के देखने के बाद मैच रेफरी रोशन महानामा द्वारा फखर पर लगाए बैन को बरकरार रखा। मैच रेफरी ने फखर पर गेंद की स्थिति बदलने के लिए लेवन तीन के उल्लंघन का चार्ज लगाया था। यह फैसला उम्मीद के मुताबिक ही था क्योंकि पिछले हफ्ते पीएसएल)मैच के दौरान फखर जमां द्वारा गेंद की स्थिति बदलने के खिलाफ पर्याप्त सबूत मौजूद थे।

पीसीबी ने मामले पर क्या कहा?

इस पूरे मामले को लेकर पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) ने भी बयान जारी किया है।
पीसीबी ने बयान में बताया, फखर जमां ने मैच रेफरी के उस फैसले के खिलाफ अपील की थी, जिसमें उन्हें 29 मार्च को लाहौर के गद्दाफी स्टेडियम में लाहौर कलंदर्स और कराची किंग्स मैच के दौरान खिलाड़ियों और सपोर्ट स्टाफ के लिए लागू आचार संहिता के अनुच्छेद 2.14 का उल्लंघन करने के लिए दो पीएसएल मुकाबलों के लिए निलंबित कर दिया गया था।
पीसीबी ने कहा, इस अपील पर गुरुवार को पीएसएल तकनीकी समिति ने सुनवाई की जिसमें प्रोफेसर जावेद मलिक, डॉ. मुमरेज नक्शबंद और सैयद अली नकी शामिल थे। नए सिरे से जांच करने के बाद सभी सबूतों की समीक्षा करने और संबंधित व्यक्तियों के बयान सुनने के बाद समिति ने अपील को खारिज कर दिया और मैच रेफरी रोशन महानामा द्वारा लगाए गए दो मुकाबलों के बैन को बरकरार रखा गया है।

तकनीकी समिति का फैसला अंतिम
अनुच्छेद 2.14 पीएसएल खेलने की शर्तों के नियम 41.3 का उल्लंघन करते हुए गेंद की स्थिति बदलने से संबंधित है। फैसले में कहा गया कि पहली बार लेवल 3 का अपराध करने पर कम से कम एक मैच का बैन और ज्यादा से ज्यादा दो मुकाबलों का बैन लगाया जाता है। आचार संहिता के अनुसार, पीएसएल तकनीकी समिति द्वारा लिया गया कोई भी फैसला इस मामले का पूर्ण, अंतिम और निर्णायक निपटारा माना जाएगा और सभी पक्ष इस मानने के लिए बाध्यकारी होंगे।