फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज) 25 सितंबर 2026 आबकारी आयुक्त, उत्तर प्रदेश के आदेश एवं जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर के निर्देश पर जनपद में अवैध मदिरा के निर्माण, बिक्री एवं परिवहन की रोकथाम के लिए प्रवर्तन अभियान चलाया जा रहा है।
इसी क्रम में जिला आबकारी अधिकारी जी.पी. गुप्ता के नेतृत्व में आज आबकारी निरीक्षक क्षेत्र-3 रीता वर्मा ने स्टाफ के साथ जनपद के विभिन्न आबकारी अनुज्ञापन स्थलों का औचक निरीक्षण किया।
अभियान के दौरान कम्पोजिट दुकान बहोरीकपुर एवं जहानगंज तथा देशी मदिरा दुकान बहोरीकपुर और मझगांवा का निरीक्षण किया गया। टीम ने दुकानों के स्टॉक रजिस्टर, ऑनलाइन भुगतान व्यवस्था तथा सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता की जांच की।
निरीक्षण के दौरान दुकानों पर उपलब्ध मदिरा का मिलान संबंधित अभिलेखों से किया गया। आबकारी विभाग ने अनुज्ञापियों को सभी अभिलेख अद्यतन रखने तथा शासन द्वारा निर्धारित नियमों एवं मानकों का पूर्ण रूप से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि किसी भी प्रकार की अनियमितता पाए जाने पर नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी। साथ ही क्षेत्र में संदिग्ध गतिविधियों पर सतर्क निगरानी बनाए रखने और अवैध मदिरा के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई जारी रखने के निर्देश दिए गए।
आबकारी विभाग के अनुसार जनपद में अवैध मदिरा के निर्माण, बिक्री एवं परिवहन के विरुद्ध प्रवर्तन कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।