*लोहे का खोखा खिसकाते समय फैला करंट, 28 वर्षीय युवक की मौत बचाने पहुंचे दुकान मालिक भी झुलसे, अस्पताल में कराया गया भर्ती

मिश्रिख, सीतापुर। तहसील चौराहे के पास सोमवार शाम उस समय हड़कंप मच गया, जब डाकघर के गेट के सामने स्थित कंप्यूटर की दुकान के लोहे के खोखे में अचानक करंट उतर आया। करंट की चपेट में आने से दुकान पर काम कर रहे 28 वर्षीय युवक की मौत हो गई। वहीं, उसे बचाने के प्रयास में दुकान मालिक भी करंट की चपेट में आकर झुलस गए।जानकारी के अनुसार, गोहरी गांव निवासी आकाश राठौर (28) पुत्र चंद्रभान पिछले करीब तीन वर्षों से डाकघर के गेट के सामने स्थित मन्नू की कंप्यूटर दुकान पर काम करते थे। सोमवार शाम दुकान के लोहे के खोखे को खिसकाया जा रहा था। इसी दौरान अचानक उसमें करंट उतर आया और आकाश उसकी चपेट में आ गए।आकाश को करंट की चपेट में आया देख दुकान मालिक मन्नू उन्हें बचाने के लिए दौड़े, लेकिन वह भी करंट की चपेट में आकर झुलस गए। हादसा देख आसपास के दुकानदार और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे। काफी प्रयास के बाद दोनों को करंट से अलग किया गया।इसके बाद स्थानीय लोगों की मदद से दोनों को तत्काल मिश्रिख के सरकारी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद आकाश राठौर को मृत घोषित कर दिया। वहीं, झुलसे मन्नू का प्राथमिक उपचार किया गया। उनकी हालत फिलहाल ठीक बताई जा रही है।हादसे की खबर मिलते ही आकाश के परिवार में कोहराम मच गया। सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और घटना की जांच शुरू कर दी।

Leave a Comment