Friday, 16 October 2026 | 4:35 AM
उत्तर प्रदेश

विधानसभा चुनाव-2027 की तैयारियों को लेकर डीएम ने की समीक्षा बैठक

Share:
विधानसभा चुनाव-2027 की तैयारियों को लेकर डीएम ने की समीक्षा बैठक
Read in your preferred language.


संवेदनशील और अतिसंवेदनशील क्षेत्रों की पहचान कर समय से रिपोर्ट देने के निर्देश

कासगंज। आगामी विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2027 को स्वतंत्र, निष्पक्ष, शांतिपूर्ण एवं पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के लिए जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी प्रणय सिंह की अध्यक्षता में विकास भवन स्थित विवेकानंद सभागार में बैठक आयोजित की गई। इसमें सेक्टर ऑफिसर्स मैपिंग और वल्नरेबिलिटी मैपिंग की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्वाचन संबंधी तैयारियां निर्धारित समयसीमा में पूरी करने के निर्देश दिए गए।

बैठक में जिलाधिकारी ने कहा कि सेक्टर ऑफिसर्स अपने आवंटित क्षेत्रों का भ्रमण कर मतदान केंद्रों एवं मतदेय स्थलों की स्थिति का गहनता से निरीक्षण करें। साथ ही आवश्यक सूचनाएं निर्धारित प्रारूप में उपलब्ध कराएं। उन्होंने संवेदनशील एवं अतिसंवेदनशील क्षेत्रों की पहचान कर समय से रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।

मतदाताओं को डराने-धमकाने वालों पर रहेगी नजर

जिलाधिकारी ने कहा कि वल्नरेबिलिटी मैपिंग निर्वाचन प्रक्रिया का महत्वपूर्ण हिस्सा है। इसके तहत ऐसे क्षेत्रों, गांवों और उपग्रामों की पहचान की जाए, जहां मतदाताओं को स्वतंत्र रूप से मतदान करने में बाधा उत्पन्न होने की आशंका हो। मतदाताओं को डराने-धमकाने या मतदान प्रक्रिया को प्रभावित करने का प्रयास करने वाले व्यक्तियों एवं तत्वों को भी चिह्नित किया जाए।

उन्होंने निर्देश दिए कि सेक्टर ऑफिसर्स स्थानीय परिस्थितियों का आकलन कर संबंधित उपजिलाधिकारी को समय से रिपोर्ट उपलब्ध कराएं। आयोग द्वारा निर्धारित वीएम-1, वीएम-2, वीएम-3, वीएम-4 एवं वीएम-5 प्रारूपों में आवश्यक सूचनाएं संकलित की जाएं। मतदेय स्थलवार वल्नरेबिलिटी लोकेशन, पॉकेट, मतदाता विवरण और संभावित कारणों की सूची तैयार की जाए।

कम मतदान प्रतिशत वाले क्षेत्रों पर विशेष निगरानी

जिलाधिकारी ने अधिकारियों से पूर्व के चुनावों में मतदान प्रतिशत, स्त्री-पुरुष अनुपात, मतदान के रुझान और निर्वाचन संबंधी शिकायतों का अध्ययन करने को कहा। जिन क्षेत्रों में मतदान प्रतिशत कम रहा है या मतदाताओं को मतदान करने में बाधा आने की आशंका है, वहां विशेष निगरानी रखी जाए।

उन्होंने स्पष्ट किया कि निर्वाचन संबंधी दायित्वों के निर्वहन में किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। विधानसभा चुनाव-2027 को निष्पक्ष, शांतिपूर्ण एवं पारदर्शी ढंग से संपन्न कराना प्रशासन की प्राथमिकता है।

बैठक में अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व)/उप जिला निर्वाचन अधिकारी आलोक कुमार गुप्ता, उपजिलाधिकारी कासगंज सहित समस्त संबंधित उपजिलाधिकारी, तहसीलदार, सेक्टर ऑफिसर्स एवं निर्वाचन कार्य से जुड़े अधिकारी उपस्थित रहे।