NCP के वरिष्ठ नेता और महाराष्ट्र के पूर्व मंत्री दिलीप वलसे पाटिल ने गुरुवार को NCP (SP) प्रमुख शरद पवार से दक्षिण मुंबई स्थित उनके आवास ‘सिल्वर ओक’ पर मुलाकात की. मुलाकात के बाद पत्रकारों से बात करते हुए वलसे पाटिल ने स्पष्ट किया कि यह बैठक किसानों से जुड़े मुद्दों, खासकर प्याज की कीमतों और चीनी उद्योग की समस्याओं पर केंद्रित रही.
वलसे पाटिल ने अनावश्यक राजनीतिक अटकलों को खारिज करते हुए कहा कि मुलाकात वसंतदादा शुगर इंस्टीट्यूट और संबंधित शैक्षणिक संस्थानों के कामकाज पर चर्चा के लिए बुलाई गई थी. उन्होंने कहा, “जब भी हम इन संस्थानों के कामकाज को लेकर मिलते हैं, तो राजनीति पर बिल्कुल चर्चा नहीं करते.”
वलसे पाटिल ने पवार को मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के नेतृत्व वाले प्रतिनिधिमंडल की दिल्ली यात्रा की जानकारी दी. इस यात्रा में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान से मुलाकात हुई थी. उन्होंने बताया कि अमित शाह ने प्याज और चीनी उद्योग से जुड़ी समस्याओं पर 10 दिनों के अंदर फैसला लेने का आश्वासन दिया था. वलसे पाटिल ने उम्मीद जताई कि 10 जून तक इस पर कोई निर्णय आ जाएगा.
वलसे पाटिल ने शरद पवार के लंबे कृषि अनुभव का जिक्र करते हुए कहा कि पवार हमेशा प्याज, गन्ना और अन्य फसलों से जुड़े किसान मुद्दों पर गहरी रुचि रखते हैं. बैठक में पवार को विस्तृत जानकारी दी गई और उनके सुझाव मांगे गए.
