दिल्ली सरकार द्वारा आयोजित वन महोत्सव के अंतर्गत केंद्रीय विद्यालय, टैगोर गार्डन, नई दिल्ली में पौधारोपण एवं पर्यावरण जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर विद्यालय परिसर में विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाए गए तथा विद्यार्थियों को पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए योगेंद्र कुमार, सहायक अधीक्षक, तिहाड़ जेल ने बताया कि तिहाड़ जेल परिसर में जामुन की गुठलियों से तैयार किए गए 35 पौधों का विद्यालय में निःशुल्क रोपण किया गया। उन्होंने बताया कि प्रत्येक वर्ष वर्षा ऋतु में तिहाड़ जेल में फलदार वृक्षों की गुठलियाँ बोई जाती हैं तथा अगले वर्ष तैयार पौधों को विद्यालयों, पार्कों एवं अन्य सार्वजनिक स्थानों पर निःशुल्क लगाया जाता है। उन्होंने सभी विद्यार्थियों एवं शिक्षकों को पौधों की नियमित देखभाल और संरक्षण का संकल्प भी दिलाया।
इस अवसर पर इनर व्हील क्लब नॉर्थ वेस्ट द्वारा ऑक्सीजन, फलदार एवं पुष्पीय प्रजातियों के 100 पौधों का निःशुल्क वितरण एवं रोपण किया गया। कार्यक्रम में हेल्थ इंस्टीट्यूट ऑफ न्यू दिल्ली की संस्थापक सुखमीत कौर ने पर्यावरण संरक्षण को स्वस्थ जीवन का आधार बताते हुए अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनका संरक्षण करने का आह्वान किया।
विद्यालय के प्रधानाचार्य संजय ने सभी अतिथियों का आभार व्यक्त करते हुए विद्यार्थियों से पौधों की नियमित देखभाल करने का आग्रह किया। कार्यक्रम में मिन्नी गोसाईं, रुचिका आहूजा, व्योमा, नीलम, हरीश, बी. के. पांडे एवं सोनू सहित अनेक गणमान्य व्यक्तियों ने सहभागिता कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
दिल्ली:वन महोत्सव पर केंद्रीय विद्यालय टैगोर गार्डन में पौधारोपण एवं पर्यावरण जागरूकता कार्यक्रम
