पश्चिम एशिया संकट के बीच ईंधन बचाने की प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अपील के बाद दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने दिल्ली मेट्रो से सफर किया। मंत्री प्रवेश वर्मा और रविंद्र इंद्राज भी उनके साथ मौजूद थे। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने ‘मेट्रो मंडे’ शुरू किया। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता अपने सुरक्षा घेरे को सीमित रखते हुए कश्मीरी गेट स्टेशन से मेट्रो में सवार होकर आईटीओ मेट्रो स्टेशन पहुंचीं। आईटीओ से उन्होंने दिल्ली सचिवालय स्थित अपने कार्यालय तक पहुंचने के लिए फीडर बस ली।
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा, ‘मैं सभी नागरिकों से अपील करती हूं कि वे ज्यादा से ज्यादा सार्वजनिक परिवहन का इस्तेमाल करें। इससे न सिर्फ देश के ईंधन संसाधनों की बचत होगी बल्कि यह हमारे शहर दिल्ली के लिए भी बेहद जरूरी है। दिल्ली में बढ़ते प्रदूषण और ट्रैफिक जाम की समस्याओं को देखते हुए, अगर हम सभी- भले ही छोटे पैमाने पर ही सही- अपनी रोजमर्रा की जिंदगी में मेट्रो, सार्वजनिक परिवहन और बसों को शामिल करना शुरू कर दें, तो यह हम सभी के लिए बहुत फायदेमंद साबित होगा। हम ‘लास्ट-माइल कनेक्टिविटी’ को बेहतर बनाने के लिए बड़े पैमाने पर काम कर रहे हैं; अगर हर व्यक्ति इस कोशिश में थोड़ा सा भी योगदान दे, तो दिल्ली शहर के लिए इसके सचमुच शानदार नतीजे सामने आएंगे।’
