उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी दिवस पर यानी 11 मई को युवाओं के नाम पाती लिखी है, जिसमें उन्होंने तकनीकी शिक्षा पर जोर दिया है. सीएम योगी ने कहा कि तकनीक केवल विकास का माध्यम नहीं, बल्कि आत्मनिर्भरता का सशक्त आधार है. प्रदेश की सरकार भी इसी मंत्र पर आगे बढ़ रही है.
मुख्यमंत्री ने युवाओं को तकनीकी शिक्षा के महत्व को समझाते हुए कहा कि 11 मई को राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी दिवस मनाया जाता है. ये तारीख़ यूं ही नहीं चुनी गई हैं. साल 1998 में इसी दिन पोखरण में ऑपरेशन शक्ति के अंतर्गत भारत ने तीन सफल परमाणु परीक्षण कर विश्व को अफनी वैज्ञानिक प्रतिभा, तकनीकी आत्म विश्वास और राष्ट्रीय सामर्थ्य का बोध कराया. इसी दिन स्वदेशी विमान ‘हंस-3’ ने उड़ान भरी और स्वदेशी त्रिशूल मिसाइल का परीक्षण भी हुआ.
सीएम योगी ने कहा प्रदेश सरकार इसी मंत्र पर आगे बढ़ रही है. आज तकनीक प्रयोगशाला से निकलकर खेत खलिहान तक पहुँच गई है. इससे जनजीवन सुगम हुआ है. डीबीटी के माध्यम से पैसे हस्तांतरित हो रहे हैं. आज ऑनलाइन स्वगणना की सुविधा इस तकनीक का प्रतिफल है. उत्तर प्रदेश के सपूत शुभांशु शुक्ला ने गत वर्ष सफल अंतरिक्ष की उड़ान से 140 करोड़ भारतीयों का सीना गर्व से चौड़ा किया तो ये तकनीक का ही चमत्कार है. इससे हें प्रेरणा लेनी चाहिए.
