बिहार के नए मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ऐक्शन मोड में हैं. गुरुवार (30 अप्रैल, 2026) को उन्होंने अधिवेशन भवन में राज्य के सभी जिलों के जिला पदाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षकों के साथ बैठक की. बैठक में विभिन्न योजनाओं की प्रगति, विधि-व्यवस्था की स्थिति तथा जनसेवा से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत समीक्षा की गई. इस दौरान शराबंबदी पर भी चर्चा हुई.
सम्राट चौधरी ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने शराबबंदी कानून को लागू किया था. सीएम ने अधिकारियों से कहा कि शराबबंदी के सफल क्रियान्वयन को लेकर बेहतर ढंग से कार्य करें. शराब बेचने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करें. जो कारोबार अवैध है उसे पूरी तरह ध्वस्त करें. नारकोटिक्स के खिलाफ सघन अभियान चलाने का भी निर्देश दिया. कहा कि शराब और मादक पदार्थों की तस्करी में पुलिस और प्रशासन के जो लोग संरक्षण प्रदान कर रहे हैं उन्हें चिह्नित कर कार्रवाई करें.
उन्होंने आगे कहा कि हमलोग पंचायत स्तर पर महीने के पहले और तीसरे मंगलवार को सहयोग शिविर लगाएंगे. इसमें समस्याओं से संबंधित जो भी आवेदन आएगा संबंधित अधिकारी को निश्चित तौर पर 30 दिन के अंदर उस आवेदन पर निर्णय देना होगा. सख्त निर्देश दिया कि अधिकारी और पुलिस जनता के सहयोगी की भूमिका में रहें.
