अभिनेता चिरंजीवी की आगामी फिल्म को लेकर दर्शक उत्साहित हैं। यह मेगास्टार की 158वीं फिल्म है, इसलिए अस्थाई तौर पर इसे ‘मेगा 158’ कहा जा रहा है। इस बहुप्रतीक्षित फिल्म की शूटिंग आधिकारिक तौर पर आज गुरुवार से शुरू हो गई है। फिल्म का मुहूर्त शॉट काफी खास रहा, क्योंकि इस दौरान क्लैप देने के लिए चिरंजीवी के छोटे भाई पवन कल्याण खुद उपस्थित रहे। आंध्र प्रदेश के उपमुख्यमंत्री और एक्टर पवन कल्याण अपने बड़े भाई चिरंजीवी के बेहद करीब हैं। दोनों भाईयों के बीच मजबूत भावनात्मक रिश्ता है। अब जब चिरंजीवी की आगामी फिल्म की शूटिंग शुरू हुई तो बड़े भैया को मुहूर्त शॉट के लिए क्लैप देने भी खुद पवन कल्याण पहुंचे और इस पल को बेहद खास बना दिया। चिरंजीवी ने पहले दिन की शूटिंग की कुछ तस्वीरें शेयर करते हुए पवन कल्याण को शुक्रिया कहा है। उन्होंने अपने एक्स अकाउंट से तस्वीरें शेयर की हैं। साथ ही लिखा है, ‘आज जब मैं कल्याण बाबू और मेरे बीच क्लैप देखता हूं तो मुझे 30 साल पहले का वही सीन याद आता है – ‘अक्कड़ा अम्मायी इक्कड़ा अब्बायी’। आज, डिप्टी CM के तौर पर मेरी 158वीं फिल्म के मुहूर्त में हिस्सा लेने, क्लैप देने और सभी यूनिट मेंबर्स को खुश करने के लिए आपका धन्यवाद’।
चिरंजीवी ने शुरू की 158वीं फिल्म, मुहूर्त शॉट के लिए क्लैप देने पहुंचा यह सुपरस्टार
