मैनपुरी में परंपरागत तरीके से मनाया छठ पर्व

मैनपुरी में रविवार को जिले के अलग-अलग क्षेत्रों में छठ पर्व परंपरागत तरीके से मनाया गया घरों में महिलाओं ने व्रत रखकर छठ माता की पूजा कर आरती उतारी। मंत्रोच्चारण और पूजा पाठ के साथ शाम को सूर्य भगवान को अर्घ दिया गया।

रविवार को छठ पूजा को लेकर सुबह से ही घरों में तैयारियां चलती रहीं। महिलाओं में छठ पूजा को लेकर विशेष उत्साह देखने को मिला। वैसे तो जिले में छठ पर्व मनाने वाले लोग कम ही हैं। शहर के मोहल्ला राजा के बाग में जिला क्रीड़ा सचिव माध्यमिक शिक्षा स्वतंत्र कुमार सिंह के आवास पर महिलाओं ने स्नान ध्यान करते हुए व्रत रखा। छठ माता की पूजा के साथ सूर्य देव को अर्घ दिया गया।

छठ माता का व्रत रखने वाली अंजू का कहना था कि छठ माता सूर्यदेव की बहन हैं। सूर्य देव की पूजा अर्चना से छठ माता प्रसन्न होती हैं। इसलिए छठ पूजा के साथ सूर्यदेव को भी अर्घ दिया जाता है। यहां पूजा पाठ के दौरान लक्ष्मी, आशा, शालू, पूनम, विनीता, पूजा, विमलेश, रंजना, सुमन, मिथलेश, गीता, विद्या माता, जाह्नवी, राजीव सिंह, गौतम सिंह, स्वतंत्र कुमार सिंह मौजूद रहे। मोहल्ला अवधनगर में भी कुछ स्थानों पर छठ पूजा का महिलाओं ने विधि विधान के साथ पूजा अर्चना की।