राष्ट्रीय प्रतियोगिता में बिहार का प्रतिनिधित्व करेंगे 40 सदस्यीय दल
द दस्तक 24 प्रतिनिधि द्वारा
अरवल, 15 अक्टूबर।
बिहार राज्य के विभिन्न जिलों से आए 40 सदस्यीय ड्रैगन बोट दल का अरवल जिले के करपी प्रखंड अंतर्गत झिकटिया गाँव में आयोजित 15 दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हो गया। प्रशिक्षण के दौरान खिलाड़ियों को ड्रैगन बोट खेल की विभिन्न तकनीकों, अभ्यास एवं प्रतियोगिता की तैयारियों से संबंधित प्रशिक्षण प्रदान किया गया। सूचना एवं जन संपर्क विभाग द्वारा जारी विज्ञप्ति में कहा गया है कि
प्रशिक्षण कार्यक्रम की समाप्ति के उपरांत दल के सभी सदस्य नई दिल्ली में आयोजित होने वाली राष्ट्रीय ड्रैगन बोट प्रतियोगिता में बिहार राज्य की ओर से भाग लेंगे। इस प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन कर राज्य का नाम रोशन करने के उद्देश्य से खिलाड़ियों ने प्रशिक्षण के दौरान नियमित अभ्यास किया।
प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान जिला खेल पदाधिकारी, अरवल; प्रखंड विकास पदाधिकारी, करपी; अंचलाधिकारी, करपी तथा करपी के पार्षद द्वारा प्रशिक्षण स्थल का निरीक्षण किया गया। इस अवसर पर अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधि ने खिलाड़ियों के प्रशिक्षण एवं तैयारियों का जायजा लिया तथा राष्ट्रीय प्रतियोगिता में भाग लेने जा रहे सभी खिलाड़ियों को शुभकामनाएँ दीं। उन्होंने आशा व्यक्त की कि बिहार का दल राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर राज्य एवं जिले का गौरव बढ़ाएगा।
इस प्रशिक्षण कार्यक्रम के सफल आयोजन से जिले में खेल गतिविधियों को प्रोत्साहन मिलने के साथ-साथ ड्रैगन बोट खेल के विकास को भी नई दिशा मिलने की उम्मीद है।