राजस्थान में नगर निकाय चुनाव को लेकर सत्ताधारी बीजेपी ने आज अपना संकल्प पत्र जारी कर दिया है. संकल्प पत्र को मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने प्रदेश अध्यक्ष व राज्यसभा सांसद मदन राठौड़ और राष्ट्रीय महामंत्री हरीश द्विवेदी की मौजूदगी में एक समारोह में जारी किया. यह पहला मौका है जब बीजेपी ने राजस्थान में लोकसभा और विधानसभा चुनाव की तर्ज पर घोषणा पत्र जारी किया है.
इस घोषणा पत्र में कई लोक लुभावन वादे किए गए हैं. घोषणा पत्र के जरिए शहरी वोटरों को रिझाने की कोशिश की गई है. इस संकल्प पत्र के जरिए राजस्थान प्रदेश के 309 नगरीय निकायों के लिए अगले 5 साल का रोडमैप रखा गया है. भाजपा ने शहरों में बिजली, पानी, सड़क, सीवरेज, सफाई, आवास और सार्वजनिक परिवहन जैसी सुविधाओं को बेहतर करने का दावा किया है.
1 लाख आवासीय प्लॉट देने का वादा
बीजेपी ने अपने इस संकल्प पत्र में शहरी क्षेत्रों में एक लाख आवासीय प्लॉट आवंटित करने का बड़ा वादा किया है. इसके साथ ही करीब 7 लाख घरों तक पाइप्ड नेचुरल गैस यानी PNG कनेक्शन पहुंचाने का लक्ष्य रखा गया है. सरकार का कहना है कि इससे शहरों में रहने वाले लोगों को बेहतर आवास और घरेलू सुविधाएं उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी.
शहरों में 24 घंटे मिलेगी घरेलू बिजली
शहरी क्षेत्रों में बिजली व्यवस्था को लेकर भी बीजेपी ने बड़ा संकल्प लिया है. पार्टी ने शहरों में 24 घंटे घरेलू बिजली उपलब्ध कराने की दिशा में काम करने का वादा किया है. इसके अलावा 15 हजार नई स्ट्रीट लाइट लगाने की घोषणा की गई है.
3 हजार किलोमीटर सीवरेज लाइन की मरम्मत
शहरों में सीवरेज की समस्या दूर करने के लिए अगले पांच साल में करीब 3 हजार किलोमीटर पुरानी सीवरेज लाइनों की मरम्मत और विस्तार करने का वादा किया गया है. सीवरेज की सफाई के लिए रोबोटिक मशीनों का इस्तेमाल करने की भी बात कही गई है.
कचरा निस्तारण से लेकर ई-चार्जिंग तक फोकस
बीजेपी ने शहरों में पुराने और जमा कचरे का वैज्ञानिक तरीके से निस्तारण करने का संकल्प लिया है. सफाई व्यवस्था को आधुनिक बनाने के लिए रोबोटिक मशीनों के इस्तेमाल के साथ कचरा संग्रहण वाहनों की ट्रैकिंग व्यवस्था पर भी जोर दिया गया है. वहीं इलेक्ट्रिक वाहनों को बढ़ावा देने के लिए शहरों में ई-चार्जिंग सिस्टम विकसित करने की बात कही गई है.
ई-बस और मेट्रो पर भी जोर
सार्वजनिक परिवहन को मजबूत करने के लिए जयपुर समेत कई बड़े शहरों में 1150 ई-बसें संचालित करने की योजना बताई गई है. जयपुर में करीब 42 किलोमीटर मेट्रो लाइन के काम को भी शहरी यातायात व्यवस्था से जोड़कर देखा जा रहा है.
‘वन स्टेट-वन इलेक्शन’ का भी जिक्र
संकल्प पत्र जारी करते हुए मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने ‘वन स्टेट-वन इलेक्शन’ के संकल्प को भी दोहराया. उन्होंने कहा कि बार-बार चुनाव होने से सरकारी पैसा और समय खर्च होता है. बीजेपी का दावा है कि एक साथ चुनाव होने से विकास कार्यों पर ज्यादा ध्यान दिया जा सकेगा.
बीजेपी ने सफाई कर्मचारियों की योजनाबद्ध भर्ती, पार्किंग और फूड कोर्ट विकसित करने, घरों की छतों पर सोलर प्लांट को बढ़ावा देने और शहरों को आधुनिक एवं सुविधायुक्त बनाने का भी संकल्प लिया है. अब निकाय चुनाव में बीजेपी के इन वादों के मुकाबले कांग्रेस और दूसरे दलों के चुनावी एजेंडे पर नजर रहेगी.
