बीजेपी सांसद हर्ष महाजन का CM सुक्खू पर हमला

हिमाचल प्रदेश की राजनीति में आरोप-प्रत्यारोप का दौर तेज हो गया है. कांग्रेस के पूर्व नेता नीरज भारती द्वारा सोशल मीडिया पर अपनी ही सरकार और मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू पर उठाए गए सवालों के बाद अब विपक्षी दल भारतीय जनता पार्टी (BJP) को बड़ा मुद्दा मिल गया है. राज्यसभा सांसद हर्ष महाजन ने इस बहाने सीएम सुक्खू पर तीखा राजनीतिक हमला बोला है और दावा किया है कि राज्य में जल्द ही कांग्रेस कार्यकर्ताओं के इस्तीफों की झड़ी लगने वाली है.

शिमला में मीडिया से बात करते हुए हर्ष महाजन ने मुख्यमंत्री पर कार्यकर्ताओं की घोर अनदेखी का आरोप लगाया. उन्होंने कहा, “मुख्यमंत्री को कार्यकर्ताओं की बिल्कुल कद्र नहीं है. जब कोई कार्यकर्ता उनसे मिलने जाता है, तो वह मिलने से भाग जाते हैं.”

महाजन ने तंज कसते हुए कहा कि कांग्रेस में अब ऐसी स्थिति बन गई है कि जल्द ही पार्टी के अंदर इस्तीफों की झड़ी शुरू हो जाएगी. 2027 के विधानसभा चुनावों में कांग्रेस को अपना झंडा उठाने के लिए कार्यकर्ता ढूंढने से भी नहीं मिलेंगे. उन्होंने बड़ा दावा करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री किसी से मिलते तक नहीं हैं, और प्रदेश में 1 साल बाद बीजेपी की सरकार बनना तय है.

बीते दिनों मुख्यमंत्री सुक्खू द्वारा जिला परिषद (ZP) और पंचायत समिति (BDC) को लेकर दिए गए बयान को हर्ष महाजन ने बेहद दुर्भाग्यपूर्ण करार दिया.

“मुख्यमंत्री का यह कहना कि ‘जिला परिषद और BDC सिर्फ एक दिन के होते हैं’, सीधे तौर पर चुने हुए जनप्रतिनिधियों का अपमान है. कांग्रेस हमेशा से पंचायती राज चुनावों से भागती रही है, वे चाहते ही नहीं थे कि ये चुनाव हों.”

महाजन ने कहा कि जब चुनाव हो गए हैं तो इसमें बीजेपी ने प्रचंड जीत हासिल की है और हर जगह बीजेपी समर्थित उम्मीदवार ही जीतकर आए हैं.

Leave a Comment