व्यक्तिगत उपलब्धियों पर ध्यान नहीं दे रहे भुवनेश्वर कुमार, टीम के लक्ष्य को बताया महत्वपूर्ण

रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) के तेज गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार ने गुजरात टाइटंस के खिलाफ अच्छा प्रदर्शन किया। भुवनेश्वर इस सीजन विकेट लेने में सफल रहे हैं और फिलहाल पर्पल कैप की दौड़ में सबसे आगे चल रहे हैं। भुवनेश्वर का हालांकि मानना है कि वह व्यक्तिगत उपलब्धियों पर ध्यान नहीं दे रहे हैं और उनके लिए टीम के लक्ष्यों को पूरा करना ज्यादा महत्वपूर्ण है। उन्होंने आरसीबी की तरफ से गुजरात टाइटंस के खिलाफ 28 रन देकर तीन विकेट लिए। उनकी टीम को हालांकि इस मैच में हार का सामना करना पड़ा।

भुवनेश्वर ने कहा, पर्पल कैप मिलना अच्छी बात है, लेकिन मुझे लगता है कि मैं उस दौर से आगे निकल चुका हूं जहां मैं व्यक्तिगत रूप से कुछ हासिल करना चाहता था। निश्चित रूप से मैं कुछ हासिल करना चाहता हूं। लेकिन अब यह टीम से जुड़ा हुआ है। अब मैं युवा नहीं हूं। जब आप युवा होते हैं तो पुरस्कार जीतना चाहते हैं और यह अच्छा प्रदर्शन करने पर ही आपको मिलते हैं। लेकिन जब आप टीम के लक्ष्य को ध्यान में रखकर काम करते हैं और तब आपको कोई व्यक्तिगत पुरस्कार या इनाम मिलता है, तो अच्छा लगता है। लेकिन सच कहूं तो मैं बस अपना सर्वश्रेष्ठ प्रयास कर रहा हूं। टीम प्रबंधन ने मेरा हौसला बढ़ाया है।