मैनपुरी में घर से आ रही थी बदबू, वृद्ध की कई दिन पहले हो चुकी मौत

उत्तर प्रदेश के मैनपुरी में एक घर से बदबू आने पर आसपास के लोगों को शंका हुई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जब कमरा खोल कर देखा तो वृद्ध का शव चारपाई पर पड़ा हुआ था। मौके पर पहुंची फोरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल से जांच के लिए नमूने एकत्र किए। पुलिस ने वृद्ध के शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल स्थित मोर्चरी में रखवाया।

कोतवाली पुलिस को रविवार की सुबह सूचना मिली कि गांव नगला जुला स्थित एक मकान से दुर्गंध आ रही है। बताया कि उस घर में सिर्फ एक वृद्ध रहते हैं। स्थानीय लोगों के किसी अनहोनी की आशंका व्यक्त करने के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंच जांच पड़ताल की। घर के अंदर जाकर देखा तो चारपाई पर वृद्ध दिनेश सिंह चौहान का शव पड़ा हुआ था। वृद्ध की कुछ दिन पहले ही मौत हो चुकी थी।

इस कारण से शव से दुर्गंध आने लगी थी। फोरेंसिक की टीम भी मौके पर जांच के लिए पहुंची। घटनास्थल से जांच के लिए नमूने एकत्र किए। पुलिस ने वृद्ध के शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल स्थित मोर्चरी भिजवाया। लोगों ने बताया कि वृद्ध घर में अकेले ही रह रहे थे। मौत का सही कारण जानने के लिए पुलिस ने वृद्ध के शव का पोस्टमार्टम कराया है। रिपोर्ट आने के बाद स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।