बंगाल के नतीजों पर अशोक गहलोत का बड़ा बयान

पश्चिम बंगाल समेत पांच राज्यों के चुनावी नतीजों पर राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने अपनी प्रतिक्रिया दी है. उन्होंने खासतौर से बंगाल के चुनावी परिणाम पर कहा कि इस परिणाम से पूरा देश निराश है. साथ ही उन्होंने तंज कसते हुए इस जीत को बीजेपी के साथ चुनाव आयोगी की जीत करार दिया है.

पूर्व सीएम ने कहा, “हम सभी कांग्रेस कार्यकर्ता लोकतंत्र बचाने की लड़ाई लड़ रहे हैं.इस देश को जरूरत कांग्रेस की है एवं कांग्रेस ही इस देश के लोकतंत्र को बचा सकती है. बंगाल सहित 3 राज्यों के नतीजे निराश करने वाले हैं परन्तु हम हतोत्साहित नहीं होंगे. आज के दिन राजस्थान सहित देश के सभी कांग्रेस कार्यकर्ताओं को संकल्प लेकर कठिन परिश्रम में जुट जाना चाहिए और उसी संकल्प पर आगे बढ़ना चाहिए.” उन्होंने कहा, “संयुक्त लोकतांत्रिक मोर्चा (UDF) की जीत के लिए केरलम के मतदाताओं का हार्दिक आभार एवं गठबंधन के सभी नेताओं और कार्यकर्ताओं को बधाई एवं शुभकामनाएं. यह जीत केरलम की धर्मनिरपेक्ष विचारधारा और UDF की जन कल्याणकारी नीतियों की जीत है.”