अरवल, 09 अक्टूबर 2026 - सेवा संकल्प एवं कायाकल्प अभियान के तहत जिले के विद्यालयों में आधारभूत संरचनाओं के सुदृढ़ीकरण को लेकर आज समाहरणालय सभाकक्ष में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।
बैठक की संयुक्त अध्यक्षता कुर्था के माननीय विधायक श्री पप्पू कुमार वर्मा एवं जिला पदाधिकारी अरवल श्रीमती अमुषा बैंस ने की। बैठक में जिले के दोनों विधानसभा क्षेत्रों के सभी उत्क्रमित माध्यमिक, माध्यमिक एवं उच्च माध्यमिक विद्यालयों के प्रधानाध्यापक उपस्थित थे।
जिला पदाधिकारी ने सभी प्रधानाध्यापकों को निर्देश दिया कि स्वीकृत मरम्मती एवं निर्माण कार्यों को निर्धारित प्राक्कलन के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण तरीके से 30 नवंबर 2026 तक अनिवार्य रूप से पूरा किया जाए।
BSEIDC के अभियंताओं को सभी विद्यालयों का स्थलीय निरीक्षण कर गुणवत्ता सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।
शिक्षा विभाग के दिशा-निर्देश के अनुसार विद्यालयों में उपलब्ध विकास कोष की राशि से ही शौचालय मरम्मती, पेयजल, रनिंग वाटर, मिट्टीकरण, विद्युतीकरण और चहारदीवारी निर्माण जैसे कार्य कराए जाने हैं। इनका प्राक्कलन तैयार कर गूगल शीट पर दर्ज किया गया है और तकनीकी स्वीकृति भी प्रदान की जा चुकी है।
बैठक में प्रधानाध्यापकों ने अपनी समस्याएं भी रखीं। बताया गया कि जिले में कुल 19 माध्यमिक विद्यालय अभी भी भवनविहीन हैं। इस पर जिला पदाधिकारी ने शीघ्र ही भूमि उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया।
माननीय विधायक श्री पप्पू कुमार वर्मा ने भी गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध कार्य पर जोर दिया।