मैनपुरी में खाद लेकर लौट रहे युवक को दबंगों ने मारी गोली, घटना से क्षेत्र में फैली दहशत

उत्तर प्रदेश के मैनपुरी में शनिवार की दोपहर बाइक से खाद लेकर लौट रहे युवक को नामजद लोगों ने गोली मार दी। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंच गई। घायल को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। वहां से गंभीर हालत में मेडिकल कॉलेज सैफई रेफर किया गया है। पुलिस हमलावरों की तलाश कर रही है। घटना कुरावली थाना क्षेत्र के बरौलिया गांव की है। गांव निवासी अरिंद पाल शनिवार की सुबह खाद लेने के लिए गए थे। दोपहर के समय वह खाद लेकर वापस लौट रहे थे। सठिया बाग रजापुर मोड़ के पास वह एक दुकान से तंबाकू लेने के लिए रुके। तभी गांव निवासी धर्मेंद्र व उसके तीन चार साथी वहां आ गए। जब तक अरिंद कुछ समझ पाते आरोपियों ने उस पर तमंचा से गोली चला दी। पीठ में गोली लगने के बाद वह सड़क पर गिर गए। गोली चलने की आवाज सुन कर आसपास के लोग एकत्र हो गए। इस बीच हमलावर वहां से भाग गए। सूचना मिलने के बाद प्रभारी निरीक्षक मोहर पाल सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। घायल को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। वहां से मेडिकल कॉलेज सैफई में भर्ती कराया। घायल ने धर्मेंद्र व साथियों के नाम पुलिस को बताए। पुलिस हमलावरों की तलाश में दबिश दे रही है।