फर्रुखाबाद:अवैध मदिरा के खिलाफ आबकारी विभाग का प्रवर्तन अभियान, दुकानों का किया औचक निरीक्षण

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 07 सितम्बर 2026 आबकारी आयुक्त, उत्तर प्रदेश के आदेश एवं जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर के निर्देश पर जनपद में अवैध मदिरा के निर्माण, बिक्री एवं परिवहन पर रोक लगाने के लिए आबकारी विभाग द्वारा प्रवर्तन अभियान चलाया गया। जिला आबकारी अधिकारी जी.पी. गुप्ता के नेतृत्व में विभागीय टीम ने विभिन्न आबकारी अनुज्ञापन स्थलों का औचक निरीक्षण किया।

अभियान के तहत आबकारी निरीक्षक क्षेत्र-3 रीता वर्मा ने स्टाफ के साथ कम्पोजिट दुकान रूनी, महरूपुर बिजल तथा देशी मदिरा दुकानों रूनी, नगरिया देवघरापुर और लहुआ नगला का निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान दुकानों के स्टॉक रजिस्टर, ऑनलाइन भुगतान व्यवस्था और सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता की जांच की गई। अधिकारियों ने दुकानों पर उपलब्ध मदिरा के स्टॉक का अभिलेखों से मिलान भी किया।

आबकारी विभाग की टीम ने संबंधित अनुज्ञापियों को सभी अभिलेख अद्यतन रखने तथा शासन द्वारा निर्धारित नियमों एवं मानकों का पूर्ण रूप से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही किसी भी प्रकार की अनियमितता मिलने पर कठोर कार्रवाई की चेतावनी दी गई।

विभाग ने क्षेत्र में संदिग्ध गतिविधियों पर सतर्क निगरानी बनाए रखने और अवैध मदिरा के निर्माण, बिक्री एवं परिवहन के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई जारी रखने के निर्देश दिए हैं।

आबकारी विभाग के अधिकारियों के अनुसार जनपद में अवैध मदिरा के खिलाफ प्रवर्तन अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

Leave a Comment