फर्रुखाबाद:शिक्षक दिवस पर समाजवादियों ने मनाया शिक्षा कार्यक्रम, भाजपा सरकार की शिक्षा नीति पर साधा निशाना

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 05 सितम्बर 2026 जनपद में शिक्षक दिवस के अवसर पर समाजवादी पार्टी के नेतृत्व में विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत लखनपुर के नगला पति में शिक्षा कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में देश के प्रथम उपराष्ट्रपति एवं महान शिक्षाविद् डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन की जयंती पर उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर उनके विचारों को नमन किया गया।

कार्यक्रम का आयोजन समाजवादी पार्टी फर्रुखाबाद के नेतृत्व में किया गया। कार्यक्रम प्रभारी समाजवादी युवजन सभा के जिलाध्यक्ष शिवम यादव तथा समाजवादी बाबा साहब अंबेडकर वाहिनी के जिलाध्यक्ष अमन सूर्यवंशी समेत अन्य समाजवादी पदाधिकारी मौजूद रहे। कार्यक्रम में पाल, लोधी, दलित, पिछड़े, अल्पसंख्यक सहित विभिन्न वर्गों के लोगों ने सहभागिता की।

शिक्षा व्यवस्था को लेकर भाजपा सरकार पर निशाना

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए शिवम यादव ने भाजपा सरकार पर प्रदेश की शिक्षा व्यवस्था को कमजोर करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि सरकारी स्कूलों को बंद करने की नीतियों का सबसे अधिक असर गरीब, पिछड़े, दलित और वंचित समाज के बच्चों पर पड़ेगा।

उन्होंने कहा कि समाजवादी कार्यकर्ताओं द्वारा बंद स्कूलों के आसपास ‘पढ़ो-पाठशाला’ जैसे जनजागरण कार्यक्रम चलाकर लोगों को शिक्षा के प्रति जागरूक किया जा रहा है। उन्होंने शिक्षा, रोजगार और आरक्षण के सवाल पर युवाओं के साथ लगातार अन्याय होने का आरोप भी लगाया।

शिक्षा और सामाजिक न्याय की लड़ाई मजबूत करने का आह्वान

समाजवादी बाबा साहब अंबेडकर वाहिनी के जिलाध्यक्ष अमन सूर्यवंशी ने कहा कि बहुजन समाज के महापुरुषों के विचारों से प्रेरणा लेकर शिक्षा और सामाजिक न्याय की लड़ाई को मजबूत करने की जरूरत है।

उन्होंने कहा कि बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर, लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर और बाबू कल्याण सिंह जैसे महापुरुषों के विचार समाज के लिए प्रेरणादायक हैं। सत्ता की राजनीति का उद्देश्य समाज को शिक्षा और रोजगार से जोड़ना होना चाहिए। उन्होंने कहा कि युवाओं को मंदिर-मस्जिद के मुद्दों में उलझाने के बजाय उनके भविष्य और रोजगार पर ध्यान दिया जाना चाहिए।

अमन सूर्यवंशी ने कहा कि बहुजन समाज के बच्चों के हाथ में किताब और कलम हो, कटोरा नहीं—यही समाजवादी विचारधारा का संकल्प है।

बड़ी संख्या में ग्रामीण और कार्यकर्ता रहे मौजूद

कार्यक्रम में ग्राम प्रधान सुदेश कुमार पाल, अंकित पाल, अनुपम, पूर्व ग्राम प्रधान जतिन कुमार, सागर खटीक, पंकज पाल, बबलू पाल, रामू पाल, कुलदीप पाल सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं समाजवादी कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Leave a Comment