फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 04 सितम्बर 2026 अपर पुलिस अधीक्षक गिरीश कुमार सिंह ने पुलिस लाइन फतेहगढ़ स्थित सभागार में समस्त थानों के अधिकारी एवं कर्मचारीगण के साथ महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की। बैठक में माननीय उच्च न्यायालय इलाहाबाद में रिट, बेल, इंस्ट्रक्शन एवं अवमानना याचिकाओं से संबंधित पत्रावलियों को समयबद्ध तरीके से तैयार कर दाखिल किए जाने को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
बैठक के दौरान अपर पुलिस अधीक्षक ने संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देशित किया कि उच्च न्यायालय से संबंधित मामलों में पत्रावलियों की तैयारी और दाखिले की प्रक्रिया में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। निर्धारित समय-सीमा के भीतर आवश्यक अभिलेख एवं सूचनाएं उपलब्ध कराते हुए पत्रावलियों को पूर्ण एवं व्यवस्थित रूप से तैयार किया जाए।
उन्होंने कहा कि न्यायालय से संबंधित प्रकरणों में समयबद्ध कार्रवाई अत्यंत महत्वपूर्ण है। इसलिए सभी थाना स्तर के अधिकारी एवं कर्मचारी न्यायालयीन मामलों की नियमित निगरानी करते हुए संबंधित पत्रावलियों का समय से निस्तारण सुनिश्चित करें।
अपर पुलिस अधीक्षक ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि रिट, बेल, इंस्ट्रक्शन एवं अवमानना याचिकाओं से जुड़े मामलों में आवश्यक कार्रवाई को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाए तथा संबंधित अधिकारियों के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखा जाए।
बैठक में समस्त थानों से संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने दिए गए दिशा-निर्देशों का अनुपालन सुनिश्चित करने का भरोसा दिलाया।
