बरेली। कस्बा राजपुर कला में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर्व पर मेन मार्केट में त्योहार की रौनक दिखाई दी। कस्बे में मुख्य चौराहे से लेकर बीच कुआं तक, पोरवाल मार्केट और सर्राफा बाजार में काफी चहल-पहल रही। लड्डू गोपाल के श्रृंगार से जुड़ी दुकानों पर भक्तों की भीड़ बढ़ गई है।
भगवान श्रीकृष्ण के बाल स्वरूप को सजाने के लिए इस बार पारंपरिक सामान के साथ डिजाइनर पोशाकें और आकर्षक श्रृंगार सामग्री भी लोगों को पसंद आ रही है। बाजार में लड्डू गोपाल के लिए अलग-अलग डिजाइन और रंगों की पोशाकें, घुंघराले बालों के सेट, कुंदन व स्टोन से सजे मुकुट, बांसुरी और विभिन्न आकार के झूले मिल रहे हैं।
दुकानदार अवधेश महेश्वरी ने बताया कि लड्डू गोपाल की पोशाक और श्रृंगार की मांग हर साल रहती है, लेकिन इस बार नए डिजाइन के मुकुट और पोशाक ग्राहकों को खास पसंद आ रहे हैं। कुंदन-मोती से सजे मुकुट, घुंघराले बालों के सेट और जरी व स्टोन वर्क वाली पोशाकों की मांग ज्यादा है। कई ग्राहक अपने घर में रखे लड्डू गोपाल की मूर्ति के आकार और रंग के हिसाब से पूरा श्रृंगार सेट खरीद रहे हैं।
दुकानदार अंकित महेश्वरी के अनुसार, इस बार पारंपरिक लाल और पीले रंग के अलावा पेस्टल शेड्स और मल्टीकलर डिजाइनर पोशाकों की भी अच्छी मांग है। मोरपंखी डिजाइन वाले मुकुट, धातु और लकड़ी की नक्काशी वाली बांसुरी और छोटे-बड़े झूले भी ग्राहकों को पसंद आ रहे हैं। जन्माष्टमी का पर्व करीब आने के साथ बाजार में खरीदारी तेज हो गई है।
कस्बे के दुकानदारों में अवधेश माहेश्वरी, अंकित माहेश्वरी, मोहित पोरवाल, मिंटू पोरवाल, अंकुर माहेश्वरी और मनोज माहेश्वरी शामिल हैं।
