बरेली/बहेड़ी। कोतवाली क्षेत्र के ग्राम भिलैया में मंगलवार को असामाजिक तत्वों द्वारा बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा खंडित किए जाने का मामला सामने आया है। अंबेडकर पार्क में लगी प्रतिमा का दाहिना हाथ और चश्मा आदि तोड़ दिया गया। घटना की सूचना मिलते ही गांव में आक्रोश फैल गया। स्थानीय पुलिस और प्रशासन मौके पर पहुंच गया। हालांकि अधिकारियों ने स्थिति को सामान्य बताया है।
जानकारी के अनुसार, गांव के बाहर सड़क किनारे करीब तीन बीघा जमीन में अंबेडकर पार्क बना हुआ है। पार्क की चारदीवारी न होने के कारण यहां सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। मंगलवार सुबह प्रतिमा खंडित होने की जानकारी मिलने पर बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। मामले में देवदत्त पुत्र झम्मनलाल निवासी ग्राम धिमरी, ग्राम पंचायत भिलैया ने थाना बहेड़ी में तहरीर दी। पुलिस ने 1 अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा बीएनएस के तहत रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मामले की जानकारी मिलने पर एसडीएम गोपाल शर्मा ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने ग्रामीणों को जल्द नई प्रतिमा मंगवाकर लगवाने का आश्वासन दिया।
इस मामले में अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया जल्द आरोपी को गिरफ्तार कर क़ानूनी कार्रवाई की जायेगी, इंस्पेक्टर दिनेश कुमार शर्मा बहेड़ी
बरेली : अंबेडकर प्रतिमा का हाथ और चश्मा तोड़ा, अज्ञात पर मुकदमा दर्ज भिलैया के अंबेडकर पार्क में शरारती तत्वों ने प्रतिमा खंडित की; एसडीएम ने नई प्रतिमा लगवाने का दिया आश्वासन।
