बांग्लादेश प्रीमियर लीग को सस्पेंड कर दिया गया है. बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB) ने बहुत बड़ा फैसला लेकर बताया कि इस साल देश की सबसे बड़ी क्रिकेट लीग BPL का आयोजन नहीं होगा. बोर्ड के अध्यक्ष तमीम इकबाल ने कहा कि लीग को दोबारा नए सिरे से व्यवस्थित रूप में लाया जाएगा. BCB द्वारा इस बड़े फैसले के पीछे की मुख्य वजह लगातार हो रहा वित्तीय घाटा है.
बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड के अध्यक्ष तमीम इकबाल ने बताया कि इस साल BPL का आयोजन नहीं करवाया जाएगा. उन्होंने कहा कि आंतरिक समस्याओं से निजात पाने के बाद ही लीग को बहाल किया जाएगा. तमीम ने यह भी खुलासा किया कि पिछले 2 साल के भीतर बोर्ड को बांग्लादेश प्रीमियर लीग के कारण 3.3 मिलियन डॉलर का घाटा हुआ है. यह रकम करीब 31.5 करोड़ रुपये के बराबर है.
पूर्व क्रिकेटर और बीसीबी के अध्यक्ष तमीम इकबाल ने खुलासा किया, “BPL एक बेहतरीन टूर्नामेंट है और लोगों ने इसे खूब प्यार भी दिया है. हम इसका आयोजन ठीक तरीके से कर पाए तो इसमें दिलचस्पी और अधिक बढ़ जाएगी. फ्रेंचाइजी क्रिकेट से बोर्ड को फायदा होना चाहिए, ना कि नुकसान. इसलिए हम जब तक समस्याओं का समाधान नहीं निकाल लेते, तब तक घाटे में एक टूर्नामेंट को सस्पेंड करना गलत नहीं है.”
बांग्लादेश प्रीमियर लीग विवादों में घिरी रही है. इसी साल मई में BCB ने एक खिलाड़ी और टीम ऑफिशियल्स को इसलिए सस्पेंड किया था क्योंकि एंटी-करप्शन यूनिट ने उन्हें सट्टेबाजी में सम्मिलित पाया था. तमीम इकबाल का कहना है कि लीग को सही राह पर लाने के लिए प्रयास किए जाएंगे. उनकी कोशिश रहेगी कि BPL को जल्द से जल्द दोबारा शुरू किया जा सके.
बांग्लादेश प्रीमियर लीग की शुरुआत साल 2012 में हुई थी. पिछले 15 साल में बीपीएल के 12 सीजन खेले गए हैं. 2014 में राजनीतिक संकट के चलते, वहीं 2020 और 2021 में कोविड महामारी के कारण BPL का आयोजन नहीं हुआ था. BPL की सबसे सफल टीम कोमिला विक्टोरियंस है, जिसने कुल 4 बार यह खिताब जीता है. वहीं ढाका ग्लैडिएटर्स, राजशाही वॉरियर्स और फॉर्चून बारिशल दो-दो बार ट्रॉफी जीते हैं.
बीपीएल में सबसे ज्यादा रन बनाने का रिकॉर्ड तमीम इकबाल के नाम है, जो अब बीसीबी के अध्यक्ष बन चुके हैं. इस लीग में तमीम ने 118 मैचों में 3835 रन बनाए थे. इनमें 2 शतक और 32 फिफ्टी भी शामिल हैं.
