फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 18 अगस्त 2026 आबकारी आयुक्त, उत्तर प्रदेश के आदेश तथा जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर के निर्देश पर जनपद में अवैध मदिरा के निर्माण, बिक्री एवं परिवहन पर प्रभावी रोकथाम के लिए आबकारी विभाग द्वारा लगातार प्रवर्तन अभियान चलाया जा रहा है।
इसी क्रम में मंगलवार को जिला आबकारी अधिकारी जी.पी. गुप्ता के नेतृत्व में आबकारी निरीक्षक क्षेत्र-3 रीता वर्मा ने टीम के साथ जनपद के विभिन्न आबकारी अनुज्ञापन स्थलों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान कम्पोजिट मदिरा दुकानों खुदागंज एवं दरोरा तथा देशी मदिरा दुकानों अखमेलपुर एवं खुदागंज की जांच की गई।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने दुकानों के स्टॉक रजिस्टर, ऑनलाइन भुगतान व्यवस्था और सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता का परीक्षण किया। साथ ही दुकानों पर उपलब्ध मदिरा के स्टॉक का अभिलेखों से मिलान किया गया।
आबकारी विभाग की टीम ने संबंधित अनुज्ञापियों को सभी अभिलेख अद्यतन रखने तथा शासन द्वारा निर्धारित नियमों और मानकों का पूर्ण रूप से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि निरीक्षण के दौरान किसी भी प्रकार की अनियमितता मिलने पर संबंधित के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।
इसके अलावा आबकारी विभाग ने क्षेत्र में संदिग्ध गतिविधियों पर सतर्क निगरानी बनाए रखने तथा अवैध मदिरा के निर्माण, बिक्री और परिवहन के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई जारी रखने के निर्देश दिए हैं।
आबकारी विभाग ने कहा कि जनपद में अवैध मदिरा के कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए प्रवर्तन अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा और नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
